दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम टेस्ट आज, कुलदीप चोटिल, झारखंड के नदीम टीम में, डु प्लेसी वापसी को तैयार
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 19 Oct 2019 6:58 AM
रांची : बायें हाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम को घरेलू सर्किट में शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला, जिन्हें चाइनामैन कुलदीप यादव के कंधे की चोट के कारण बाहर होने से भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया. नदीम झारखंड और भारत ए के लिए कई बार शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं. 30 साल के इस […]
रांची : बायें हाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम को घरेलू सर्किट में शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला, जिन्हें चाइनामैन कुलदीप यादव के कंधे की चोट के कारण बाहर होने से भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया. नदीम झारखंड और भारत ए के लिए कई बार शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं.
30 साल के इस बायें हाथ के स्पिनर ने 110 प्रथम श्रेणी मैचों में 424 विकेट चटकाये हैं, जिसमें 19 बार वह पांच विकेट, जबकि पांच बार 10 विकेट हासिल कर चुके हैं. मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने शुक्रवार को कहा : नदीम को शामिल करने का फैसला कुलदीप यादव के शुक्रवार को बाएं कंधे में दर्द की शिकायत के बाद किया गया.
शनिवार से यहां शुरू होनेवाला तीसरा टेस्ट मैच औपचारिक लग रहा है, क्योंकि भारत तीन मैचों की सीरीज 2-0 से जीत चुका है, लेकिन इसमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिये महत्वपूर्ण अंक दांव पर लगे होंगे और इसलिए विराट कोहली की टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस अंतिम मैच में भी किसी तरह की कसर नहीं छोड़ेगी. इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम को 40 अंक मिलेंगे. भारत इन अंकों के अलावा सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने के उद्देश्य से भी मैदान पर उतरेगा. भारत ने पहले दो टेस्ट मैचों में दक्षिण अफ्रीका पर हर विभाग में अपना दबदबा बनाया. उसने विशाखापत्तनम में 203 रन से जीत दर्ज की और फिर पुणे टेस्ट को पारी और 137 रन से जीतकर फ्रीडम ट्रॉफी फिर से हासिल की.
विश्व चैंपियनशिप में भारत के अभी चार मैचों में 200 अंक हैं और उसने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी न्यूजीलैंड और श्रीलंका पर 140 अंकों की बड़ी बढ़त बना रखी है. कोहली पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि अंतिम टेस्ट मैच में भी काफी कुछ दांव पर लगा है और उनकी टीम किसी भी तरह से ढिलायी नहीं बरतेगी. अंतिम टेस्ट मैच से पूर्व भारतीय टीम में बल्लेबाजी या गेंदबाजी में कोई खास कमजोरी नजर नहीं आती है.
भारतीय शीर्ष क्रम ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है. रोहित शर्मा ने लंबे प्रारूप में सलामी बल्लेबाज के रूप में अपनी भूमिका बखूबी निभायी है. उन्होंने पहले टेस्ट मैच में पहली बार पारी का आगाज करते हुए दोनों पारियों में शतक लगाये. मुंबई के इस बल्लेबाज के साथी मयंक अग्रवाल ने विशाखापत्तनम में दोहरा शतक लगाया तो पुणे में भी वह सैकड़ा जमाने में सफल रहे.
पुणे में हालांकि कोहली ने 254 रन की जादुई पारी खेली, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है. रोहित पुणे में नहीं चल पाये थे और वह इसकी भरपायी यहां करना चाहेंगे.
जबकि अब तक सीरीज में दो अर्धशतक लगाने वाले चेतेश्वर पुजारा तिहरे अंक तक पहुंचने की कोशिश करेंगे. भारत ने अब तक सीरीज में केवल 16 विकेट गंवाये हैं, जबकि उसने दक्षिण अफ्रीका को दोनों टेस्ट मैचों में बुरी तरह पस्त किया. इससे भारत के दबदबे का अनुमान भी लगाया जा सकता है.
अब तक टॉस ने भी भारत का साथ दिया और अगर अंतिम टेस्ट मैच में सिक्का फॉफ डु प्लेसि का साथ देता है, तो चीजें थोड़ा रोमांचक हो सकती हैं. दक्षिण अफ्रीका ने पिछली बार जब भारत का दौरा किया था, तो स्पिनरों ने उसका जीना मुहाल कर दिया था, लेकिन इस बार तेज गेंदबाज और स्पिनर दोनों ने अहम भूमिका निभायी है.
टॉस जीतने के लिए दूसरे को भी ग्राउंड में उतारने को तैयार : डु प्लेसी
रांची : एशिया में लगातार नौ मैचों में टॉस गंवाने के बाद दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसि अब सिक्के की उछाल में अनुकूल परिणाम पाने के लिए इतने बेताब हैं कि उन्हें भारत के खिलाफ शनिवार से यहां शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में अपने स्थान किसी अन्य को टॉस के लिए भेजने में भी दिक्कत नहीं है.
दक्षिण अफ्रीका भारतीय परिस्थितियों में जूझता रहा है और पहले दो टेस्ट मैचों में टॉस नहीं जीतने से उसके लिए चीजें और मुश्किल हो गयी.
भारत ने विशाखापत्तनम और पुणे में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 500 से अधिक रन बनाये. डु प्लेसि ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा कि हम वास्तव में चाहते हैं कि हम इस टीम से अपनी शर्तों पर मुकाबला करें. पहले टेस्ट मैच में कुछ चरणों में हमने ऐसा किया. इसलिए उम्मीद है कि कल हम टॉस से इसकी शुरुआत करेंगे. उन्होंने हल्के फुल्के अंदाज में कहा कि संभवत: हम बदलाव करेंगे.
अब तक चार बार किया है क्लीन स्वीप
विरुद्ध कब स्थान
इंग्लैंड जनवरी 1993 भारत
श्रीलंका जनवरी 1994 भारत
न्यूजीलैंड सितंबर 2016 भारत
श्रीलंका जुलाई 2017 श्रीलंका
टीमें
भारत: विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), हनुमा विहारी, रिद्धिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, शहबाज नदीम, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, इशांत शर्मा, रिषभ पंत, शुभमन गिल में से.
दक्षिण अफ्रीका: डु प्लेसि (कप्तान), तेम्बा बावुमा (उप कप्तान), थेनिस डी ब्रुइन, क्विंटन डिकॉक, डीन एल्गर, जुबैर हमजा, जॉर्ज लिंडे, सेनुरन मुथुसामी, लुंगी एनगिडी, एरिक नॉर्टजे, वर्नोन फिलैंडर, डेन पीट, कैगिसो रबाडा, रूडी सेकंड.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










