SA vs ZIM: ब्रैड एवन्स की 56 रन की पारी बेकार, दक्षिण अफ्रीका ने 48 रन से जीती ट्राई-सीरीज

Updated:
विज्ञापन

जिम्बाब्वे बनाम साउथ अफ्रीका फोटो—एक्स

दक्षिण अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को नामिबिया में खेली गई ट्राई-सीरीज के फाइनल में 48 रन से हराकर खिताब जीत लिया है. दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन बनाए थे.

विज्ञापन

NAM-SA-ZIM Tri-Series: नामिबिया में खेली गई ट्राई-सीरीज के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 48 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है. पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 205 रन बनाए और जिम्बाब्वे के सामने 206 रन का लक्ष्य रखा. जवाब में जिम्बाब्वे की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी. ब्रैड एवन्स ने 56 रन की शानदार पारी खेलकर जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन उनकी कोशिश टीम को जीत नहीं दिला सकी.

विज्ञापन

दक्षिण अफ्रीका ने बनाए 205 रन

टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. कॉनर एस्टरहुइजन और जॉर्डन हरमन ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई. दोनों ने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती छह ओवर में दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 67 रन तक पहुंचा दिया. दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका आठवें ओवर में लगा, जब न्यूमैन न्यामहुरी ने कॉनर एस्टरहुइजन को आउट कर दिया. इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह 32 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

दूसरे छोर पर जॉर्डन हरमन ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 53 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. अंतिम ओवरों में डुआन जैनसेन ने तेजी से रन बटोरे. उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों पर 23 रन बनाए. उनकी इस तेज पारी की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 205 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.

ये भी पढ़ें: Sachin Tendulkar: शिक्षक दिवस पर पिता रमेश तेंदुलकर की याद में शुरू की फेलोशिप, युवाओं को मिलेगा आर्थिक सहयोग

जिम्बाब्वे की शुरुआत रही खराब

206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने पावरप्ले के अंदर ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए. छह ओवर पूरे होने तक जिम्बाब्वे के चार बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे. ऐसी स्थिति में कप्तान सिकंदर रजा से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी 16 रन बनाकर ब्योर्न फोर्टुइन का शिकार हो गए. इसके बाद जिम्बाब्वे पर हार का खतरा और बढ़ गया.

ये भी पढ़ें: Ajit Agarkar: दलीप ट्रॉफी फाइनल देखने पहुंचे अजीत अगरकर, कुछ दिन पहले BCCI की बैठक से रहे थे दूर

ब्रैड एवन्स ने जगाई जीत की उम्मीद

जिम्बाब्वे के लगातार विकेट गिरने के बावजूद ब्रैड एवन्स ने हार नहीं मानी. उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 56 रन की शानदार पारी खेली और टीम की जीत की उम्मीदों को कुछ समय के लिए जिंदा रखा. उनके साथ कुंडई मातिगिमु ने भी 19 रन का योगदान दिया. दोनों बल्लेबाजों के बीच 52 रन की साझेदारी हुई, जिससे जिम्बाब्वे की टीम मुश्किल स्थिति से बाहर निकलती हुई नजर आई. हालांकि, दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और साझेदारी टूटने के बाद जिम्बाब्वे की पारी फिर लड़खड़ा गई. अंत में टीम 48 रन से मुकाबला हार गई.

दक्षिण अफ्रीका का लीग चरण में भी दबदबा

नामिबिया में खेली गई इस ट्राई-सीरीज में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामिबिया ने लीग चरण में चार-चार मुकाबले खेले थे. दक्षिण अफ्रीका ने चार में से तीन मैच जीते, जबकि उसे एकमात्र हार सीरीज के शुरुआती मुकाबले में नामिबिया के खिलाफ मिली थी. वहीं, जिम्बाब्वे ने चार में से दो मुकाबलों में जीत हासिल की. नामिबिया की टीम को लीग चरण में सिर्फ एक जीत मिली. फाइनल में जिम्बाब्वे को हराकर दक्षिण अफ्रीका ने पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन को खिताबी जीत में बदल दिया.

ये भी पढ़ें: ZIM vs AUS ODI Series: ट्राई सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा जिम्बाब्वे, जानें पूरा शेड्यूल और कहां होगी लाइव स्ट्रीमिंग

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola