'डिजिटल रुद्राभिषेक': क्या घर बैठे ऑनलाइन पूजा से पूरा होता है सावन शिवरात्रि का फल? जानिए शास्त्र और विधान
क्या ऑनलाइन रुद्राभिषेक से मिलेगा शुभफल
सावन शिवरात्रि पर ऑनलाइन रुद्राभिषेक और डिजिटल पूजा का चलन तेजी से बढ़ रहा है. जानिए शास्त्रों के अनुसार घर बैठे पूजा का महत्व, इसका धार्मिक फल, सही पूजा-विधान और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
Online Rudrabhishek on Sawan Shivratri 2026: तकनीक ने पूजा-पाठ के तरीके भी बदल दिए हैं. आने वाले सावन शिवरात्रि यानी 10 अगस्त 2026 (सोमवार) के अलावा अन्य बड़े पर्व पर देश-विदेश में रहने वाले लाखों श्रद्धालु मंदिरों में स्वयं उपस्थित न हो पाने की स्थिति में ऑनलाइन रुद्राभिषेक, लाइव दर्शन और डिजिटल संकल्प का सहारा लेते हैं. मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से पंडितों द्वारा कराए जाने वाले रुद्राभिषेक में भक्त वीडियो कॉल या लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ते हैं. जानें ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा से ऐसे में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या इस प्रकार की डिजिटल पूजा से वही धार्मिक फल मिलता है, जो मंदिर में जाकर विधिवत पूजा करने से प्राप्त होता है?
शास्त्र क्या कहते हैं?
सनातन धर्म में किसी भी पूजा का सबसे महत्वपूर्ण आधार श्रद्धा, संकल्प और भक्ति माना गया है. धर्मशास्त्रों में स्पष्ट उल्लेख है कि पूजा का फल केवल स्थान पर नहीं, बल्कि साधक की भावना पर भी निर्भर करता है. यदि कोई व्यक्ति बीमारी, दूरी, विदेश प्रवास या अन्य अपरिहार्य कारणों से मंदिर नहीं पहुंच सकता, तो वह मन, वचन और श्रद्धा के साथ भगवान शिव का स्मरण कर पूजा में सहभागी बन सकता है. ऐसे भाव से की गई उपासना भी पुण्यदायी मानी जाती है.
ऑनलाइन रुद्राभिषेक करते समय रखें इन बातों का ध्यान
यदि आप घर बैठे डिजिटल रुद्राभिषेक में शामिल हो रहे हैं, तो कुछ बातों का विशेष ध्यान रखें—
- पूजा से पहले स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें.
- घर के मंदिर या शिवलिंग के सामने बैठकर संकल्प लें.
- पंडित द्वारा बोले जा रहे मंत्रों का यथासंभव उच्चारण करें.
- "ॐ नमः शिवाय" का जप करते रहें.
- यदि संभव हो तो घर में जल, बेलपत्र, अक्षत और पुष्प अर्पित करें.
ये भी पढ़ें: शिवलिंग पर चढ़ाया हर बेलपत्र नहीं देता समान फल, जानिए सही नियम
क्या मंदिर जाकर पूजा करना अधिक श्रेष्ठ है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यदि परिस्थितियां अनुकूल हों तो शिव मंदिर में जाकर स्वयं जलाभिषेक और रुद्राभिषेक करना अधिक श्रेष्ठ माना जाता है. मंदिर का आध्यात्मिक वातावरण, सामूहिक मंत्रोच्चार और प्रत्यक्ष पूजा का अपना अलग महत्व है. हालांकि यदि किसी कारणवश मंदिर जाना संभव न हो, तो ऑनलाइन पूजा भी भगवान शिव के प्रति श्रद्धा प्रकट करने का एक माध्यम बन सकती है. अंततः भगवान भोलेनाथ भक्त की सच्ची भावना और निष्ठा को ही सर्वोपरि मानते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए