Presidential Election: UPA प्रत्याशी यशवंत सिन्हा पहुंचे रांची, रविवार को पार्टी नेताओं से करेंगे मुलाकात

राष्ट्रपति पद के यूपीए प्रत्याशी यशवंत सिन्हा शुक्रवार को रांची पहुंचे. यहां से वो हजारीबाग के लिए निकल गये. रविवार को रांची आकर यूपीए नेताओं से भेंट करेंगे. गुरुवार को JMM ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की.
Presidential Election 2022: राष्ट्रपति चुनाव में NDA की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को JMM ने गुरुवार को समर्थन करने की घोषणा और शुक्रवार को UPA के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा रांची पहुंचे. इस दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर से भेंट कर हजारीबाग के लिए रवाना हो गये. अब रविवार को राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी श्री सिन्हा रांची आकर UPA के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे.
हजारीबाग के लिए रवाना हुए यशवंत सिन्हा
शुक्रवार को UPA यूपीए की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा अपनी पत्नी के साथ शुक्रवार की शाम को 7:50 बजे रांची पहुंचे. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, राजीव रंजन प्रसाद सहित अन्य की ओर से उनका स्वागत किया गया. पत्रकारों ने जब उनसे पूछना चाहा, तो उन्होंने कहा कि रविवार को वे इस संदर्भ में प्रेसवार्ता में जानकारी देंगे. इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय से मिलने के बाद देर रात हजारीबाग के लिए प्रस्थान कर गये.
रविवार को आएंगे रांची
वे हजारीबाग से रविवार की सुबह रांची पहुंचेंगे और यहां यूपीए के पदाधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे और वापस दिल्ली लौट जाएंगे. यशवंत सिन्हा की सुरक्षा में सीआरपीएफ के जवानों को लगाया गया था. वह नॉर्मल गेट से बाहर निकले और कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए स्वागत से प्रसन्न नजर आ रहे थे.
Also Read: Presidential Election 2022: द्रौपदी मुर्मू को JMM के समर्थन के साथ जानें झारखंड में वोटों का गणित
झामुमो ने NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा
मालूम हो कि गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने UPA की जगह NDA की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा कर राजनीतिक गलियारे में चर्चा तेज कर दी. झामुमो ने यशवंत सिन्हा के रांची आने के एक दिन पहले यानी गुरुवार को द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की. इस घोषणा के बाद से कांग्रेस समेत अन्य दलों के नेताओं में मिलीजुली प्रतिक्रिया आ रही है. हालांकि, कांग्रेस के कोई नेता इस मामले में खुलकर कुछ नहीं बोल रहे हैं.
झारखंड में 28,256 वोट
झारखंड में 81 विधायक और 20 सांसद (लोकसभा-14 और राज्यसभा-06) है. इस लिहाज से कुल वोट की संख्या 28,256 है. इसमें NDA (बीजेपी और आजसू) के पास 16,480 वोट है. वहीं, झामुमो के पास (30 विधायक और तीन सांसद) कुल 7,380 वोट है. इस तरह से NDA और JMM की कुल वोट की संख्या 23,860 हो गयी है. वहीं, कांग्रेस के पास 17 विधायक और दो सांसद हैं. इसके तहत कांग्रेस का कुल वोट 4,392 है. मालूम हो श्री सिन्हा का झारखंड से गहरा नाता है. श्री सिन्हा हजारीबाग से सांसद रह चुके हैं. साथ ही केंद्र में वित्त मंत्री भी रह चुके हैं.
Posted By: Samir Ranjan.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




