Bihar Assembly : हंगामे के बीच NDA के विजय कुमार सिन्हा चुने गए बिहार विधानसभा अध्यक्ष, लालू यादव के कथित कॉल रिकॉर्डिंग पर मचा बवाल
17वीं बिहार विधानसभा अध्यक्ष के चेहरे को लेकर प्रदेश में सत्ता पक्ष यानि एनडीए और विपक्ष आमने-सामने है. आज बुधवार को विधानसभा के अंदर स्पीकर पद के लिए वोटिंग संपन्न हो गई है. दोनों गठबंधनों ने अपने-अपने उम्मीदवार उतारे. एनडीए के तरफ से विजय कुमार सिन्हा तो विपक्ष ने अवध बिहारी चौधरी को अपना उम्मीदवार बनाया. NDA उम्मीदवार के पक्ष में कुल 126 मत पड़े जबकि विरोध में 114 वोट पड़े. जिसके बाद आज मतदान के जरिए इसका फैसला किया गया है कि बिहार विधानसभा के अगले स्पीकर विजय कुमार सिन्हा होंगे. अध्यक्ष चुने जाने के बाद सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम व कांग्रेस के विधायक दल के नेता सहित विधानसभा में उपस्थित सभी लोगों ने उन्हे बधाइ दी. इसी बीच भाजपा ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का एक ऑडियो वायरल किया है जिसमें भाजपा का दावा है कि लालू यादव रांची से भाजपा विधायक को फोन कर मतदान में शामिल नहीं होने की बात कर रहे हैं. वायरल ऑडियो में कहा जा रहा है कि विपक्ष अपना स्पीकर बनाएगी जिसके बाद एनडीए सरकार को गिरा दिया जाएगा. इसके एवज में भाजपा विधायक को मंत्री बनाने की बात ऑडियो में कही जा रही है. जिसे लेकर भाजपा विपक्ष पर हमलावर है.
बसपा विधायक रहे गैर-हाजिर
बिहार विधानसभा स्पीकर के चुनाव में NDA की जीत हुई है. भाजपा विधायक विजय कुमार सिन्हा बिहार विधानसभा के नए स्पीकर चुने गए. वहीं बसपा के दो विधायक सदन में गैर-हाजिर रहे.
महागठबंधन की ओर से राजद के अवध बिहारी चौधरी को 114 वोट मिले जबकि नडीए उम्मीदवार विजय सिंहा के पक्ष में 126 वोट पड़े.
AIMIM ने कहा- हम महागठबंधन का हिस्सा नहीं
मतदान प्रकिया में सबकी नजर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के रूख़ पर रही. बता दें कि AIMIM से दोनों पक्षों ने समर्थन मांगा था. वहीं बिहार विधानसभा स्पीकर चुनाव से पहले ओवैसी की पार्टी ने कहा- हम महागठबंधन का हिस्सा नहीं है, जबकि बसपा के दो विधायक सदन में गैर-हाजिर रहे.
बिहार BJP अध्यक्ष संजय जयसवाल ने दी बधाई, लालू यादव पर किया प्रहार
अध्यक्ष बनने पर विजय कुमार सिन्हा जी को बधाई। विरोधी दल के नेता के पिता जी ने ज़ेल में रहने के बावज़ूद RIMS में बैठकर जिस तरह से संवैधानिक प्रक्रिया को रोकने का काम किया, हम उसकी भर्त्सना करते हैं। हाई कोर्ट को स्वतः संज्ञान लेकर उन्हें तिहाड़ जे़ल भेजना चाहिए: बिहार BJP अध्यक्ष
भाजपा विधायक और लालू यादव के वायरल ऑडियो से हंगामा
बिहार विधानसभा अध्यक्ष पद के चयन को लेकर दिन भर सियासी घमासान जारी रहा. इस बीच भाजपा नेताओं ने राजद पर बड़ा आरोप लगाया है. भागलपुर जिले के पीरपैंती विधानसभा से जीतकर आए भाजपा विधायक ललन पासवान ने एक ऑडियो जारी किया है.जिस कथित ऑडियो के बारे में बताया जा रहा है कि यह राजद सुप्रीमो लालू यादव की है. रांची में सजा काट रहे लालू यादव ने भाजपा नेता को कहा कि वो स्पीकर के चुनाव में हिस्सा नहीं ले. ताकि विपक्ष के स्पीकर बन सके. जिससे एनडीए सरकार को गिराया जा सकेगा. कथित ऑडियो में कहा जा रहा है आगे भाजपा विधायक को मंत्री बना दिया जाएगा. जिसके बाद वायरल ऑडियो को लेकर सत्त पक्ष राजद पर हमलावर है.
कांग्रेस के नेता अजीत शर्मा ने दी बधाई
बिहार में कांग्रेस दल के नेता अजीत शर्मा ने एनडीए उम्मीदवार विजय सिन्हा को बिहार विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने की बधाई दी. उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि आप एक अभिभावक की तरह सत्ता दल और विपक्ष को साथ लेकर चलेंगे हमें ऐसी उम्मीद है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक आपका सहयोग करेंगे.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए