ePaper

‘वेव्स' के जरिये मनोरंजन में महाशक्ति बनेगा भारत

Updated at : 01 May 2025 12:16 PM (IST)
विज्ञापन
Waves 2025

वेव्स 2025

WAVES : वेव्स को लेकर प्रधानमंत्री यह भी कह चुके हैं कि जिस तरह ‘दावोस’ में वैश्विक अर्थ जगत के दिग्गज पहुंचते हैं, कुछ वैसे ही ‘वेव्स’ में विश्व के मनोरंजन और मीडिया जगत के महारथी जुड़ेंगे, क्योंकि मनोरंजन उद्योग विश्व के सबसे बड़े उद्योगों में से एक है.

विज्ञापन

WAVES :मुंबई में आज से चार मई तक ‘वेव्स’ नाम के एक ऐसे सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है, जो मनोरंजन और मीडिया जगत में अभूतपूर्व क्रांति ला देगा. वैसे तो विश्वभर में सिनेमा, मीडिया, कला-संस्कृति, तकनीक और प्रसारण सहित मनोरंजन के कई भव्य समारोह आयोजित होते ही रहते हैं. लेकिन भारत सरकार द्वारा आयोजित यह वेव्स समारोह बेहद विशाल, भव्य और अनुपम है. वेव्स अर्थात ‘वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड इंटरटेंमेंट समिट’ देश का एक ऐसा प्रथम मनोरंजन शिखर सम्मेलन है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ है. आशा है कि यह कार्यक्रम भविष्य में भी इसी तरह आयोजित होता रहेगा. आज से कुछ महीने पहले अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री मोदी ने ‘वेव्स’ की चर्चा की थी.

वेव्स को लेकर प्रधानमंत्री यह भी कह चुके हैं कि जिस तरह ‘दावोस’ में वैश्विक अर्थ जगत के दिग्गज पहुंचते हैं, कुछ वैसे ही ‘वेव्स’ में विश्व के मनोरंजन और मीडिया जगत के महारथी जुड़ेंगे, क्योंकि मनोरंजन उद्योग विश्व के सबसे बड़े उद्योगों में से एक है. अब जब नयी-नयी तकनीक और एआइ का युग है, तब मनोरंजन उद्योग और भी बड़ा बनेगा. इसलिए हमने कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने और इसका उत्सव मनाने के लिए ‘वेव्स’ का मंच तैयार किया है.


‘वेव्स’ का आयोजन इतना बड़ा है कि पूरे चार दिन तक इस आयोजन में लगातार रहकर भी इसे पूरी तरह नहीं देखा जा सकता. लेकिन इतना समझा जा सकता है कि वेव्स’ का यह मंच भारत के मनोरंजन और मीडिया जगत को नये शिखर पर ले जायेगा, जिससे विश्व में भारत मनोरंजन जगत में महाशक्ति बन सकेगा. इसलिए इस अत्यंत अहम आयोजन के लिए पिछले करीब छह माह से जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं. केंद्र सरकार के सूचना मंत्रालय का फोकस ‘वेव्स’ पर ही रहा. साथ ही, खुद प्रधानमंत्री भी इसके आयोजन पर नजर रखने के साथ-साथ अपना परामर्श और सहयोग निरंतर देते रहे हैं. तभी इस शिखर सम्मेलन में 60 से अधिक देशों की नामचीन हस्तियां पहुंच रही हैं. इन नामचीन हस्तियों में सुंदर पिचाई और सत्य नडेला जैसे लोग हैं, तो मुकेश अंबानी, आनंद महिंद्रा, संजीव गोयनका, रवि आहूजा, अजय बिजली, भूषण कुमार और एकता कपूर जैसी शख्सियतें भी इनमें मौजूद रहेंगी.

फिल्म उद्योग के सितारों की तो सम्मेलन में पूरी बारात है, जिनमें अमिताभ बच्चन, हेमा मालिनी, मिथुन चक्रवर्ती, आशा भोसले, शेखर कपूर, अनिल कपूर, अनुपम खेर, अक्षय कुमार, शाहरुख खान, आमिर खान, अभिषेक बच्चन, करीना कपूर, नाना पाटेकर, ऐश्वर्या राय बच्चन, रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट, कीर्ति सेनन, श्रद्धा कपूर आदि प्रमुख हैं. दक्षिण के फिल्म उद्योग से रजनीकांत, चिरंजीवी, मोहनलाल, नागार्जुन, एसएस राजामौली, खुशबू और अल्लू अर्जुन जैसे नाम हैं.


सम्मेलन में दिन भर विश्वभर के रचनाकार साथ बैठ कर विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे, जिनमें सिनेमा और मीडिया के साथ प्रसारण, गेमिंग, कॉमिक्स, एनिमेशन, पॉडकास्ट, डिजिटल और एआइ आदि के नवाचार, संभावनाओं और चुनौतियों पर बातें होंगी कि एक खास कंटेंट को कैसे दुनिया के सामने लाया जाये, कैसे इस सब को लेकर स्टार्टअप शुरू हो. किस तरह उसके वित्तीय साधन जुटाने के साथ आर्थिक लाभ उठाया जा सके आदि-आदि. दिन में विभिन्न प्रकार की बहुत-सी फिल्मों का प्रदर्शन भी होगा. सम्मेलन के पहले दिन आज सुप्रसिद्ध संगीतकार एमएम किरवानी करीब 50 देशों के कलाकारों के साथ अपनी विशेष संगीतमय प्रस्तुति देने वाले हैं.

तमाम कार्यक्रमों के जरिये भारत की भाषायी और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया जायेगा. सांस्कृतिक संध्याओं में एआर रहमान, शंकर महादेवन और श्रेया घोषाल की प्रस्तुतियां बेहद खास होने वाली हैं. विश्वमोहन भट्ट, रोनू मजूमदार और मालिनी अवस्थी के कार्यक्रम हैं. फिर 32 प्रतियोगिताओं में 60 देशों की चुनी गयी 750 प्रतिभाओं को भी यहां मंच मिलेगा.


प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि नये-नये रचनाकारों की प्रतिभा को स्थानीय स्तर से वैश्विक स्तर पर स्थापित और लोकप्रिय किया जाये. लोककथाओं से लेकर फिल्मों तक भारत की कहानी कहने की कला इस शिखर सम्मेलन का मुख्य आकर्षण रहेगी. यहां एक ऐसी प्रदर्शनी भी होगी, जिसमें वैश्विक स्तर पर मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र की अत्याधुनिक तकनीक को प्रदर्शित किया जायेगा. समारोह का आकर्षण भारत मंडपम भी रहेगा, जहां कई राज्यों के मंडप भारत की बात सुनायेंगे. पिछले दिनों दुनिया से विदा हुए मनोज कुमार को सम्मेलन में श्रद्धांजलि दी जायेगी. पिछले दिनों भारत को जी-20 के आयोजन से वैश्विक स्तर पर एक अत्यंत सफल आयोजक के रूप में विशिष्ट पहचान मिली थी. इधर अब फिल्मों, ओटीटी, गेमिंग, कॉमिक्स, डिजिटल मीडिया, एआइ, एवीजीसी–एक्स आर और आधुनिक तकनीक को एकजुट करने वाला विश्व में अपनी तरह का यह पहला आयोजन है. निश्चय ही इस आयोजन से विश्व में भारत की प्रतिष्ठा और बढ़ेगी. 
 (ये लेखक के निजी विचार हैं.)

विज्ञापन
प्रदीप सरदाना

लेखक के बारे में

By प्रदीप सरदाना

वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म समीक्षक

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola