राहुल गांधी का मोदी पर हमला: कहा- 'बच्चों को माफ करने वाले पीएम होते कौन हैं?'
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (फोटो : ANI)
राहुल गांधी ने कहा कि छात्र सिर्फ निष्पक्ष परीक्षा और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं. उन्होंने RSS की विचारधारा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हर राज्य की अपनी पहचान और इतिहास है, उसका सम्मान होना चाहिए.
Rahul Gandhi on PM Modi : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर छात्रों के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि छात्र सड़कों पर निष्पक्ष परीक्षा और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री उन्हें माफ करने की बात कर रहे हैं.
राहुल ने सवाल उठाया कि आखिर प्रधानमंत्री कौन होते हैं बच्चों को माफ करने वाले. उन्होंने RSS की विचारधारा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भारत विविधताओं का देश है और संविधान हर राज्य की अलग पहचान को सम्मान देता है.
'प्रधानमंत्री बच्चों को माफ करने वाले कौन होते हैं?'
दिल्ली में 'Vaiko in Parliament' पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा, "देश एक अजीब दौर से गुजर रहा है. छात्र सड़कों पर हैं, वे निष्पक्ष परीक्षा और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं. दूसरी ओर प्रधानमंत्री उन्हें माफ कर रहे हैं. मुझे नहीं पता कि वे कौन होते हैं बच्चों को माफ करने वाले और उन्हें यह अधिकार किसने दिया."
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री और RSS की सोच खतरनाक है. उन्होंने कहा कि संविधान में भारत को राज्यों का संघ बताया गया है और हर राज्य अपने लोगों के इतिहास, भाषा, संस्कृति और परंपरा का प्रतिनिधित्व करता है. इसलिए सभी राज्यों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए.
छात्र आंदोलन और पीएम मोदी के बयान का जिक्र
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में CJP के नेतृत्व में चला 37 दिनों का छात्र आंदोलन समाप्त हुआ है. आंदोलन के दौरान 20 जुलाई को संसद मार्च में पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष लगातार सरकार से जवाब मांग रहा है. विपक्ष का आरोप है कि छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस कार्रवाई पर जवाब देना चाहिए.
इसी आंदोलन के दौरान जंतर-मंतर पर एक छात्रा द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल का वीडियो सामने आया था. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर कहा था कि वे उन बच्चों को माफ करते हैं जिन्होंने उनके लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल किया. बाद में छात्रा ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी.
रुचिका सिंह मामले में क्या है स्थिति?
मामले में रुचिका सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भी विवाद बना हुआ है. रुचिका की मां ने एफआईआर रद्द करने की मांग की है. वहीं दिल्ली पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, इस मामले में फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं करने का फैसला लिया गया है. हालांकि तकनीकी रूप से मामला अभी वापस नहीं लिया गया है, क्योंकि दिल्ली पुलिस के पास अभी केवल नोएडा पुलिस द्वारा भेजी गई जीरो एफआईआर ही पहुंची है. विपक्ष इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है.
Also read : भारत सरकार ने शेख हसीना के कार्यक्रम से बनाई दूरी, MEA बोला- निजी आयोजन से हमारा कोई लेना-देना नहीं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










