Weather Updates: उत्तर भारत में ठंड से अभी राहत नहीं, जारी रहेगा कोहरे का कहर, जानें मौसम का हाल
Weather News Today Updates : देश के कई राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी है. शीतलहर की चेतावनी के दृष्टिगत लखनऊ में सभी स्कूलों में सात जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है. इधर दिल्ली-एनसीआर में गैर जरूरी निर्माण व तोड़फोड़ के कार्यों पर रोक जारी रहेगी. श्रीनगर में पारा शून्य से पांच डिग्री नीचे चला गया है और यहां कड़ाके की ठंड जारी है. जानें बिहार-झारखंड-यूपी सहित अन्य राज्यों के मौसम का हाल
पहाड़ों में बर्फबारी और शीतलहर
पहाड़ों में बर्फबारी और शीतलहर के कारण पूरे उत्तर भारत में हाड़ कंपाती सर्दी पड़ रही है. जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में तापमान शून्य के कई डिग्री नीचे चला गया है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि घाटी में कड़ाके की सर्दी के बीच शीत लहर से थोड़ी राहत मिली है. श्रीनगर में सोमवार की रात तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि उससे एक रात पहले यह शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे था.
दिल्ली में फिर शीतलहर चलने के आसार
दिल्ली के कुछ हिस्सों में मंगलवार को सुबह हल्का कोहरा छाने की वजह से दृश्यता घट गई, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. अगले दो दिन तक मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है. सप्ताहांत में एक बार फिर शीतलहर चलेगी और तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी व धुंध से जनजीवन प्रभावित
कड़ाके की सर्दी व धुंध से राजस्थान के अनेक इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है. सोमवार रात फतेहपुर सीकर में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार रात फतेहपुर सीकर में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे, चुरू में शून्य से नीचे 0.9 डिग्री, संगरिया में 2.4 डिग्री, पिलानी में 2.6 डिग्री, सीकर में 3.0 डिग्री, गंगानगर में 3.7 डिग्री, नागौर में 4.5 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 4.9 डिग्री, बीकानेर में 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 85 प्रतिशत
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 85 प्रतिशत रहा. मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कोहरा छाने का पूर्वानुमान लगाया है और बुधवार को घना कोहरा छा सकता है. आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.
दिल्ली में सुबह हल्का कोहरा छाया
दिल्ली के कुछ हिस्सों में मंगलवार को सुबह हल्का कोहरा छाने की वजह से दृश्यता घट गयी, जिससे सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. वहीं न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
लेखक के बारे में
By अमिताभ कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए