Weather Forecast Updates : राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान, मध्य प्रदेश के 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, बिहार में बारिश, जानिए झारखंड-यूपी समेत देश के अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
Weather Forecast Today LIVE Updates, 12 June 2021, Rain Alert, Monsoon 2021 tracker : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस साल मानसून (delhi rain,monsoon) सामान्य तिथि से 12 दिन पहले यानी 15 जून को दस्तक दे सकता है. इधर आज कई राज्यों में आफत वाली बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग की मानें तो आज झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश (bihar, up, Jharkhand, mp,cg, Maharashtra heavy rain) समेत उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश बढ़ सकती है. मानसून अब तेजी से पूर्वी व उत्तर भारत के हिस्सों में आगे बढ़ रहा है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के आसार बने हुए है. इधर, मुंबई में काफी मूसलाधार बारिश के आसार हैं. मौसम की ताजा जानकारी के लिए बनें रहें हमारे साथ…
राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान
राजस्थान के अनेक इलाकों में तेज गर्मी के दौर के बीच मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में बारिश व तेज अंधड़ का अनुमान व्यक्त किया है. मौसम केंद्र के अनुसार, 13-14 जून के दौरान राज्य के उत्तरी भागों व भरतपुर, कोटा व जयपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं आंधी के साथ बारिश की संभावना है. वहीं राज्य के बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू जिलों में शनिवार दोपहर के बाद 40- 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी आ सकती है व मेघगर्जन के साथ कहीं हल्की बारिश की संभावना है. वहीं 15-16 जून को आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी.
मुंबई में भारी बारिश की वजह से पवई झील भरी
मुंबई और आसपास के इलाकों में गत कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश की वजह से पूर्वी उपनगर स्थित पवई झील शनिवार दोपहर को भर गई और पानी बाहर बहने लगा. बीएमसी के अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पवई झील की क्षमता 545 करोड़ लीटर है और इसका पानी औद्योगिक इकाइयों में इस्तेमाल होता है तथा इसका पानी मीठी नदी में बहता है.
मध्य प्रदेश के छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी ने शनिवार को पूर्वी मध्यप्रदेश के जबलपुर, शहडोल सहित छह जिलों में गरज, बिजली और भारी वर्षा होने का संभावना व्यक्त करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, विदिशा, होशंगाबाद सहित आठ जिलों में गरज, बिजली के साथ तेज बारिश होने के अनुमान के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है. आईएमडी ने कहा कि अगले 24 घंटों में दक्षिण पश्चिम मानसून के राज्य में आगे बढ़ने की उम्मीद है.
मुंबई समेत पूरे कोंकण क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होने की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मुंबई में अगले दो दिन के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. वैज्ञानिक शुभांगी भूते ने कहा कि मुंबई समेत पूरे कोंकण क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है और एक-दो जगह पर बहुत मूसलाधार बारिश होने की संभावना है.
मुंबई में भारी बारिश से सड़कों और पटरियों पर जलजमाव, ट्रेन व बस सेवा प्रभावित
मुंबई और आसपास के उपनगरीय इलाकों में शनिवार को तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश हुई, जिससे कई स्थानों पर सड़कों और ट्रेन की पटरियों पर जलभराव हो गया तथा ट्रेन और बस सेवा बाधित हुई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि मेन लाइन पर दादर और कुर्ला स्टेशनों के बीच उपनगरीय ट्रेन सेवा को निलंबित कर दिया गया. वहीं, बेस्ट के एक अधिकारी ने कहा कि कुछ स्थानों पर जलजमाव के कारण कई बसों का रास्ता बदलना पड़ा.
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद मुंबई में अधिकारी अलर्ट
आर्थिक राजधानी मुंबई में शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटे में भारी बारिश हुई, लेकिन इस दौरान शहर में बड़े पैमाने पर जलजमाव की कोई सूचना नहीं है और स्थानीय ट्रेनों के साथ बसें भी अपने तय समय पर चलीं. आईएमडी ने मुंबई में शनिवार को ऑरेंज अलर्ट और रविवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. आईएमडी की चेतावनी के बाद बीएमसी ने भी अगले दो दिनों में अत्यंत अधिक बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर संबंधित एजेंसियों को हाई अलर्ट जारी किया है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए