Weather Forecast Updates: दिल्ली को गर्मी से राहत, जानें यूपी-बिहार सहित अन्य राज्यों का मौसम
Hot summer day
Weather Forecast Today LIVE Updates: दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहने का अनुमान है. बिहार के कुछ जिलों में बारिश हो रही है. झारखंड की राजधानी रांची में बादल छाये हुए हैं. जानें यूपी-एमपी सहित अन्य राज्यों का मौसम
छत्तीसगढ़ में अचानक बदला मौसम
छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में गुरुवार रात को मौसम ने अपना मिजाज बदल लिया. यहां अचानक तेज बारिश हुई. जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन अचानक पानी गिरने के साथ ही काफी तेज हवा भी चली. इससे शहर के कई इलाकों में पेड़ रास्ते में ही गिर गए. साथ ही बिजली व्यवस्था पर भी असर पड़ा है.
सिलीगुड़ी शहर में हुई बारिश
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी शहर में आज बारिश हुई. ओडिशा से घूमने आए एक पर्यटक ने बताया कि ओडिशा में हर दिन तापमान 44 से 48 डिग्री के बीच ही रहता है. उससे राहत पाने के लिए मैं इतनी दूर आया हूं. इस जगह को प्रकृति का आशीर्वाद मिला हुआ है.
केदारनाथ में बर्फबारी
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया. केदारनाथ सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई तो वहीं चमोली में बारिश होने से जंगल की आग से राहत मिली. दोपहर बाद बारिश और हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया.
छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे में बारिश के आसार
छत्तीसगढ़ में इन दिनों में लू अपने पीक पर है. राज्य के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार हो चुका है. इस बीच मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में दुर्ग संभाग और बिलासपुर संभाग में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका है.
झारखंड के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव
झारखंड के कई हिस्सों में गुरुवार की रात से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला है. पूर्वी भाग में बारिश हुई है. सबसे अधिक बोकारो में 9.3 मिमी बारिश हुई. मौसम विभाग ने 22 अप्रैल को झारखंड के कई हिस्सों में बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना जतायी है. उत्तर-पूर्व, मध्य व दक्षिण भाग में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के आसपास बने साइक्लोनिक टर्फ का असर झारखंड पर पड़ रहा है.
तेज हवा के साथ बारिश के आसार
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के साथ बंगाल की खाड़ी से आ रही तेज हवा की वजह से मौसम का मिजाज बदल गया है. अगले 24 घंटे के दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश के आसार नजर आ रहे हैं.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए