Weather Forecast Today Update: भीषण गर्मी से कब मिलेगी राहत? इन राज्यों में बारिश के आसार
Varanasi: Women ride a two-wheeler while shielding their faces with scarfs from the hot summer sun, in Varanasi, Friday, April 8, 2022. (PTI Photo)(PTI04_08_2022_000154A)
Weather Forecast Today LIVE Updates: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है जिससे लोग परेशान हैं. 17 अप्रैल को तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ इलाकों में भारी वर्षा होने की संभावना है. केरल में 18 अप्रैल तक भारी वर्षा का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जारी किया है. जानें मौसम का हर अपडेट यहां
असम में तूफान की वजह से 14 लोगों की मौत
असम में तूफान के कारण छह और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गयी है. एक आधिकारिक बुलेटिन में रविवार को यह जानकारी दी गयी है. राज्य में गर्मियों के मौसम में आंधी-तूफान के साथ होने वाली बारिश को ‘बोरदोइसिला’ कहा जाता है. बुलेटिन के अनुसार बिजली गिरने के कारण कई मकानों को नुकसान पहुंचा है. कई जगहों पर पेड़ उखड़ गये हैं और बिजली की लाइनें टूट गयी हैं.
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 47 प्रतिशत दर्ज की गयी. विभाग के मुताबिक दिल्ली में दिन में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.
18 अप्रैल तक भारी बारिश का पूर्वानुमान
17 अप्रैल को तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ इलाकों में भारी वर्षा होने की संभावना है. केरल में 18 अप्रैल तक भारी वर्षा का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जारी किया है.
17 अप्रैल को हीट वेव की आशंका
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में कुछ जगहों पर 17 अप्रैल के लिए हीटवेव का पूर्वानुमान जारी किया गया है. 18 और 19 अप्रैल को भी इन राज्यों के कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका जतायी गयी है.
असम में बिजली गिरने, बारिश व आंधी से 8 लोगों की मौत
असम में विभिन्न स्थानों पर बिजली गिरने, आंधी और भारी वर्षा के कारण दो बच्चों समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गयी. शनिवार का एक सरकारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गयी. असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार बृहस्पतिवार से असम के कई हिस्सों में ‘बोरदोइसिला’ ने सराबोर कर दिया. राज्य में गर्मियों के मौसम में आंधी के साथ होने वाली वर्षा को ‘बोरदोइसिला’ कहा जाता है.
राजस्थान के कई जिलों में आंधी, बूंदाबांदी का अनुमान
राजस्थान में जारी गर्मी के दौर के बीच मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ अंधड़ और बूंदाबांदी होने का अनुमान जताया है. मौसम केंद्र, जयपुर के अनुसार आगामी 24 घंटों में पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बनने से 17 अप्रैल को बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर एवं चूरू जिलों में दोपहर के बाद एक बार पुनः मेघगर्जन के साथ धूलभरी आंधी चलने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से अंधड़ चलने तथा बूंदाबांदी होने की संभावना है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए