Weather Forecast Today LIVE Updates: पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ेगी ठंड, इन इलाकों में हो सकती है बारिश
Weather Forecast Today LIVE Updates : 8 दिसंबर (8 december 2020 ) यानी आज दक्षिण भारत में भारी बारिश के आसार है. वहीं, दिल्ली सहित उत्तर भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में भी छिटपुट बारिश की संभावना बन रही है. उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी जारी रहेगी. झारखंड, बिहार यूपी के अधिकांश हिस्सों में ठंड बढ़ने की संभावना. कुछ क्षेत्रों में उच्च व न्यूनतम तापमान में हल्की ऊंच-नीच देखी जा सकती है. (झारखंड (Jharkhand Weather), दिल्ली(Delhi Weather), बिहार(Bihar Weather), उत्तर प्रदेश(Uttar Pradesh Weather), मध्य प्रदेश(Madhya Pradesh Weather),बंगाल (Bengal Weather) सहित अन्य राज्यों के मौसम की जानकारी के लिए बनें रहें prabhatkhabar.com के साथ….
11 दिसंबर के बाद बदलेगा मौसम
राजस्थान में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है. अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री और कुछ स्थानों पर 4 डिग्री तक ऊपर बने हुए हैं. अगले 2 या 3 दिनों तक मौसम में कोई अधिक फेरबदल नहीं होने के आसार हैं. 11 तारीख के बाद कुछ भागों में हल्की वर्षा तथा एक-दो स्थानों पर मध्यम वर्षा के आसार हैं.
बसे ठंडा शहर रहा हरियाणा का हिसार
देश के उत्तरी, पूर्वी और मध्य भागों में रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई. बीते 24 घंटों के दौरान सबसे ठंडा शहर रहा हरियाणा का हिसार, जहां न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हमेशा से इतर इस बार, समय से पहले ही उत्तर भारत के कुछ शहरों में शीतलहर का प्रभाव दिखाई देने लगा है. राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश में भी कुछ शहरों में पारा सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है. (स्काइमेट वेदर )
उत्तर-पूर्वी मॉनसून सक्रिय
स्काईमेट वेदर के अनुसार, दक्षिण भारत के राज्यों में इस समय उत्तर-पूर्वी मॉनसून सक्रिय बना हुआ है और कई इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना दिख रही है. हाल ही में गुजरे चक्रवाती तूफान बुरेवी के बाद भी तमिलनाडु के विभिन्न भागों और पुद्दुचेरी में कई जगहों पर वर्षा हो रही है. पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे ज़्यादा वर्षा तमिलनाडु में देखने को मिली है.
यहां होगी बारिश
दक्षिणी कोंकण गोवा और इससे सटे दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र में 9 दिसम्बर से 11 दिसम्बर के बीच हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है. जबकि 10 से 13 दिसम्बर के बीच उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी कोंकण, मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा होने की संभावना है.
9 दिसम्बर से बदलेगा मौसम का मिजाज
महाराष्ट्र में इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है. स्काईमेट वेदर के अनुसार, महाराष्ट्र में पिछले लगभग 15-20 दिनों से बारिश नहीं हुई है. लेकिन इस सप्ताह उम्मीद है कि महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में वर्षा होगी. अनुमान है कि 9 दिसम्बर से मौसम बदलेगा और शुरुआत में कोंकण गोवा क्षेत्र में बारिश होगी.
हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात होने की संभावना
जम्मू कश्मीर, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात होने की संभावना जताई जा रही है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए