वीडी सतीशन बने केरलम के नए मुख्यमंत्री, राहुल गांधी ने लगाया गले, 10 साल बाद सत्ता में लौटा कांग्रेस गठबंधन

Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 18 May 2026 11:03 AM

विज्ञापन

शपथ ग्रहण के दौरान वीडी सतीशन. फोटो- एक्स

VD Satheesan Keralam Chief Minister Oath: वीडी सतीशन ने केरलम के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. 2026 विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद कांग्रेस नीत UDF ने 10 साल बाद राज्य में सत्ता में वापसी की है.

विज्ञापन

VD Satheesan Keralam Chief Minister Oath: वीडी सतीशन ने सोमवार को केरलम के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव दर्ज किया. कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने 2026 विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल कर दस साल बाद सत्ता में वापसी की है. राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने सतीशन और उनके 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हुए. कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल मौजूद रहे. इसके अलावा कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल भी समारोह में शामिल हुए. केरलम के निवर्तमान मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर और सीपीआई नेता बिनय विश्वम भी कार्यक्रम में मौजूद रहे.

सतीशन के केरलम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद राहुल गांधी ने उन्हें गले लगाया. इसके बाद वह उनके कान में कुछ कहते भी नजर आए. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है. देखें-

सतीशन का राजनैतिक करियर

वीडी सतीशन ने 2026 विधानसभा चुनाव में परावुर सीट से लगातार छठी बार जीत हासिल की. उन्होंने सीपीआई उम्मीदवार ईटी टायसन मास्टर को 20,600 वोटों से हराया. 1964 में कोच्चि के पास नेट्टूर में जन्मे सतीशन पेशे से वकील हैं. उन्होंने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी और बाद में यूथ कांग्रेस में सक्रिय भूमिका निभाई. 2021 विधानसभा चुनाव के बाद वे केरलम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने और लेफ्ट सरकार के खिलाफ UDF के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे.

24 घंटे में बनी सरकार

शपथ ग्रहण के बाद सतीशन ने कहा कि केरलम के इतिहास में पहली बार इतनी तेजी से सरकार गठन की प्रक्रिया पूरी हुई है. उन्होंने बताया कि सहयोगी दलों से चर्चा के बाद 24 घंटे के भीतर मंत्रिमंडल का गठन कर लिया गया. सतीशन ने कहा कि मंत्रिमंडल बनाते समय क्षेत्रीय संतुलन, सामाजिक प्रतिनिधित्व, महिलाओं और अनुसूचित जाति समुदाय को विशेष महत्व दिया गया. सतीशन मुख्यंत्री होने के साथ-साथ फाइनेंस डिपार्टमेंट भी अपने पास रखेंगे.

20 सदस्यीय कैबिनेट ने ली शपथ

सतीशन के साथ 20 मंत्रियों ने भी शपथ ली. इनमें कांग्रेस और सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं. कैबिनेट में रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन, पीसी विष्णुनाथ, रोजी एम जॉन और बिंदू कृष्णा और सनी जोसेफ जैसे नेताओं को जगह मिली. रमेश चेन्निथला को गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के नेताओं पीके कुन्हालिकुट्टी, पीके बशीर, एन समसुद्दीन, वीई अब्दुल गफूर और केएम शाजी को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया.

ये भी पढ़ें:- शुभेंदु सरकार का प्रतियोगी छात्रों को बड़ा गिफ्ट! पश्चिम बंगाल में 40 पार वाले भी सरकारी नौकरी के लिए एलिजिबल

विधानसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर के नाम तय

सतीशन ने घोषणा की कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता तिरुवन्नचूर राधाकृष्णन विधानसभा अध्यक्ष होंगे. वहीं शनिमोल उस्मान को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है. सरकार ने विधायक अपू जॉन जोसेफ को मुख्य सचेतक (Chief Whip) नियुक्त किया है.

राहुल गांधी की 5 गारंटी लागू करने का दावा

शपथ ग्रहण से पहले रमेश चेन्निथला ने कहा कि नई सरकार चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करेगी. कांग्रेस की पांच प्रमुख गारंटी में शामिल हैं:

महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा
कॉलेज जाने वाली छात्राओं को हर महीने 1000 रुपये सहायता
3000 रुपये सामाजिक पेंशन
हर परिवार को 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा
छोटे कारोबारियों को 5 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण

ये भी पढ़ें:- योगी सरकार के मंत्रिमंडल में विस्तार, भूपेंद्र चौधरी, मनोज पाण्डेय समेत कई नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी, देखें पूरी लिस्ट

2026 चुनाव में UDF की बड़ी जीत

2026 केरलम विधानसभा चुनाव में UDF ने 140 में से 102 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया. कांग्रेस 63 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि IUML को 22 सीटें मिलीं. वहीं वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) 35 सीटों तक सिमट गया और भाजपा को 3 सीटों पर जीत मिली.

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola