सेना से रिटायरमेंट के बाद पूर्व हवलदार ने चुराए AK-203 समेत हथियार और 1,900 गोलियां? क्या था इरादा, जांच में जुटी पुलिस
पूर्व हवलदार के पास से बरामद हथियार (Photo/X)
सेना से रिटायरमेंट के बाद एक पूर्व हवलदार की सनसनीखेज गिरफ्तारी हुई है. उप्पुथोल्ला मल्लेश पर यूनिट से AK-203 राइफल, पिस्तौल और भारी मात्रा में गोलियां चुराने का आरोप है. पुलिस उसके इरादों का पता लगाने में जुटी है.
तेलंगाना में सेना के एक पूर्व हवलदार की गिरफ्तारी ने सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने 37 वर्षीय उप्पुथोल्ला मल्लेश को यूनिट के हथियार और गोला-बारूद चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. मल्लेश 20 बटालियन, मद्रास रेजिमेंट में हवलदार रह चुका है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और गोलियां क्यों चुराईं और उनका आगे क्या इस्तेमाल करने वाला था.
आधी रात को यूनिट में घुसकर हथियार चोरी करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मल्लेश वर्ष 2010 में सेना में भर्ती हुआ था और 30 जून 2026 को रिटायर हुआ. आरोप है कि उसने 30 और 31 अगस्त की दरम्यानी रात यूनिट के कोटे और मैगजीन रूम से हथियार और गोला-बारूद चोरी किए.
पुलिस की शुरुआती जांच में मल्लेश की समय से पहले रिटायरमेंट को लेकर नाराजगी को चोरी की संभावित वजह बताया गया है. हालांकि, पुलिस अभी यह जांच कर रही है कि क्या यही पूरी वजह थी या चोरी के पीछे कोई बड़ी योजना थी.
ये भी पढ़ें: Video: दौड़ा-दौड़ाकर बैंककर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका, नागपुर में SBI की शाखा से 4.53 लाख लूटकर भागा बदमाश
AK-203 से लेकर 1,900 गोलियां तक चोरी
पुलिस के मुताबिक, मल्लेश के कब्जे से चोरी किए गए सामान में चार AK-203 राइफल, एक INSAS राइफल, सात पिस्तौल, मैगजीन, पैसिव नाइट-विजन दूरबीन और करीब 1,900 राउंड गोला-बारूद शामिल हैं.
इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और गोलियां चोरी होने के बाद पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन्हें कहां ले जाया गया और क्या इस मामले में कोई दूसरा व्यक्ति भी शामिल था.
फिलहाल पुलिस की जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि पूर्व हवलदार ने इतने हथियार और करीब 1,900 गोलियां चुराने के बाद उनका क्या करने की योजना बनाई थी. पुलिस की आगे की जांच से इसका खुलासा हो सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए