Video: दौड़ा-दौड़ाकर बैंककर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका, नागपुर में SBI की शाखा से 4.53 लाख लूटकर भागा बदमाश
बैंककर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक 4.53 लाख लूटकर भागा बदमाश (Photo/X)
नागपुर में SBI की शाखा में एक लुटेरे ने बैंककर्मियों पर मिर्च पाउडर फेंककर ₹4.53 लाख लूटने की कोशिश की. पुलिस की फुर्ती के चलते आरोपी को कुछ ही देर में पकड़ लिया गया और पूरी रकम बरामद हो गई.
नागपुर में SBI की शाखा में लूट की कोशिश का मामला सामने आया है. आरोपी ने बैंककर्मियों पर मिर्च पाउडर फेंककर 4.53 लाख रुपये की नकदी छीन ली और मौके से फरार हो गया. हालांकि पुलिस की तत्परता से आरोपी को कुछ ही देर में पकड़ लिया गया और पूरी रकम बरामद कर ली गई.
बैंककर्मियों पर मिर्च पाउडर फेंककर छीनी नकदी
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक पुलिस ने बताया है कि घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे नागपुर के भांडे प्लॉट इलाके में हुई. बैंक के अधिकारी और कर्मचारी ATM से नकदी निकालकर शाखा की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान एक व्यक्ति पीछे से आया और बैंककर्मियों तथा अन्य कर्मचारियों पर मिर्च पाउडर फेंक दिया.
अचानक हुए हमले से कर्मचारी कुछ देर के लिए असहज हो गए. इसी दौरान आरोपी ने उनके पास मौजूद 4.53 लाख रुपये की नकदी छीन ली और वहां से भाग गया. घटना के बाद बैंक कर्मचारियों ने शोर मचाया और आरोपी का पीछा भी किया.
पुलिस ने पीछा कर आरोपी को पकड़ा, पूरी रकम बरामद
घटना की जानकारी मिलते ही गश्त पर मौजूद बीट मार्शल और Detection of Crime (DB) टीम के पुलिसकर्मियों ने आरोपी का पीछा शुरू किया. पुलिस ने कुछ दूरी पर ही उसे पकड़ लिया. उसके पास से लूटी गई पूरी 4.53 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली गई.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज बोरकर के रूप में हुई है. वह नागपुर ग्रामीण के भिवापुर तहसील के तातोली गांव का रहने वाला बताया गया है. मामले की जांच सक्करदरा पुलिस कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए