Pune Metro: गणेशोत्सव में रात 2 बजे तक चलेगी मेट्रो, 25 सितंबर को 41 घंटे लगातार सेवा, जानें पूरा शेड्यूल
पुणे मेट्रो (Photo/X)
गणेशोत्सव के दौरान पुणे मेट्रो की सेवाओं का समय बढ़ा दिया गया है. 17 से 24 सितंबर तक मेट्रो रात 2 बजे तक चलेगी और 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर यह लगातार 41 घंटे संचालित होगी. यह घोषणा यात्रियों की सुविधा और भीड़ को देखते हुए की गई है.
पुणे में गणेशोत्सव के दौरान मेट्रो से सफर करने वालों के लिए बड़ी राहत है. बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुणे मेट्रो ने सेवा का समय बढ़ाने का फैसला किया है. 17 से 24 सितंबर तक मेट्रो रात 2 बजे तक चलेगी. वहीं, भीड़ के समय ट्रेनें हर 5 मिनट में मिलेंगी. अनंत चतुर्दशी पर मेट्रो लगातार 41 घंटे चलेगी.
गणेशोत्सव के दौरान पुणे के प्रमुख गणेश मंडलों में बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इससे सड़कों पर भीड़ और जाम बढ़ जाता है. इसे देखते हुए मेट्रो ने यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की है. पुणे मेट्रो ने 9 सितंबर को इसका नया समय और यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं.
14 से 24 सितंबर तक क्या रहेगा मेट्रो का समय?
14, 15 और 16 सितंबर: मेट्रो सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक चलेगी. वहीं, 17 से 24 सितंबर तक सेवा सुबह 6 बजे शुरू होगी और रात 2 बजे तक चलेगी. यानी सामान्य समय से 3 घंटे ज्यादा मेट्रो उपलब्ध रहेगी. इसका फायदा देर रात गणेश मंडलों से लौटने वाले लोगों को मिलेगा.
ये भी पढ़ें: Dr., Prof. तो सुना होगा, अब Tr. भी देखेंगे नाम के आगे, जानिए Er., CA, Adv. जैसे Prefix आखिर किसे और क्यों मिलते हैं?
पुणे मेट्रो के मुताबिक गणेशोत्सव के दौरान भीड़ के समय मेट्रो हर 5 मिनट में चलाने की व्यवस्था की गई है. अभी भीड़ के समय ट्रेनों के बीच करीब 6 मिनट का अंतर रहता है. नई व्यवस्था से यात्रियों को स्टेशन पर ट्रेन के लिए कम इंतजार करना पड़ेगा.
25 सितंबर को 41 घंटे लगातार चलेगी मेट्रो
अनंत चतुर्दशी के दिन पुणे में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरते हैं. इसे देखते हुए मेट्रो ने सबसे बड़ी व्यवस्था की है.
25 सितंबर सुबह 6 बजे से 26 सितंबर रात 11 बजे तक मेट्रो लगातार चलेगी. यानी करीब 41 घंटे तक बिना रुके मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी. 27 सितंबर से सामान्य समय सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक लागू होगा.
ये भी पढ़ें: Operation Anweshan: ओडिशा पुलिस ने 17 राज्यों से 101 बच्चों को किया रेस्क्यू, जिसमें 47 लड़कियां भी हैं शामिल
किन स्टेशनों पर भीड़ से बचने की सलाह?
गणेश मंडलों के आसपास भीड़ को देखते हुए मंडई मेट्रो स्टेशन पर विशेष व्यवस्था की गई है. यहां आने और बाहर निकलने के लिए अलग रास्ते रखे जाएंगे.
मेट्रो ने यात्रियों से भीड़ कम करने के लिए दूसरे स्टेशनों का इस्तेमाल करने की अपील की है. इनमें कसबा पेठ, पीएमसी, डेक्कन जिमखाना और छत्रपति संभाजी महाराज गार्डन स्टेशन शामिल हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए