NASA में किया रिसर्च, हार्वर्ड से रहा नाता… कौन हैं पीएम मोदी के योग गुरु डॉ एचआर नागेंद्र? US में लीड करेंगे योग दिवस

Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 06 Jun 2026 12:36 PM

विज्ञापन

डॉ एचआर नागेंद्र. फोटो- एक्स.

PM Modi Yoga Guru HR Nagendra: इस साल 2026 में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वॉयर पर योग कार्यक्रम को डॉ एचआर नागेंद्र लीड करेंगे. उन्हें पीएम मोदी का योग गुरु माना जाता है. उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियर से शुरुआत करते हुए NASA और हार्वर्ड तक का सफर तय किया.

विज्ञापन

PM Modi Yoga Guru HR Nagendra: अमेरिका में इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग गुरु डॉ एचआर नागेंद्र जून महीने में न्यूयॉर्क और आसपास के क्षेत्रों में कई योग और वेलनेस कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे. यह कार्यक्रम भारत के न्यूयॉर्क स्थित महावाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित किया जा रहा है. इस अवसर पर योग को ‘स्वस्थ वृद्धावस्था’ के थीम के तहत प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें बताया जाएगा कि योग कैसे लंबी उम्र, बेहतर गतिशीलता और रोगों से बचाव में मदद कर सकता है. 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का योग के प्रति लगाव काफी गहरा और सार्वजनिक रूप से लगातार दिखाई देने वाला रहा है. वे योग को केवल व्यायाम नहीं बल्कि ‘स्वास्थ्य, अनुशासन और संतुलित जीवन’ का साधन मानते हैं. प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने योग को वैश्विक मंच पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. खासकर जब उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे 2014 में भारी समर्थन के साथ स्वीकार कर लिया गया. 

पहली बार 21 जून 2015 को पूरी दुनिया में योग दिवस मनाया गया. तब से हर साल लाखों लोग इस दिन योग और ध्यान से जुड़कर इस भारतीय परंपरा को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ा रहे हैं. पीएम मोदी अक्सर योग का जिक्र करते हैं. मानव स्वास्थ्य को सुधारने और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाने में भारतीय परंपरा के योग ने दुनिया भर में लोकप्रिय पाई है. विदेशों से हजारों लोग हर साल इसे सीखने के लिए भारत आते हैं. तो आखिर योग को इतना फेमस करने वाले पीएम मोदी के योग गुरु कौन हैं?

कौन हैं डॉ एचआर नागेंद्र

एचआर नागेंद्र भारत और विश्व में योग के प्रमुख विशेषज्ञों में गिने जाते हैं. उन्हें पीएम मोदी का भी योग गुरु माना जाता है. एचआर नागेंद्र के खुद की वेबसाइट के मुताबिक, वह वर्तमान में विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (VYASA) के अध्यक्ष हैं. साथ ही वे एस-वायासा विश्वविद्यालय (S-VYASA University) के कुलाधिपति भी हैं. उनका जन्म 1 जनवरी 1943 को हुआ था. उन्होंने बेंगलुरु विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया और बाद में भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु से इसी विषय में पीएचडी पूरी की. एचआर नागेंद्र ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस में शिक्षक के रूप में भी कार्य किया.

उन्होंने इंजीनियरिंग में 30 रिसर्च पेपर, योग पर 135 शोध पत्र और 28 पुस्तकें लिखी हैं. उनके गाइडेंस में 32 शोधार्थियों ने पीएचडी पूरी की है. उनके योगदान के लिए उन्हें देश-विदेश में कई सम्मान मिल चुके हैं. योग को वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से स्थापित करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है.

डॉ एचआर नागेंद्र के बारे में अन्य बातें

कनाडा की यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिटिश कोलंबिया में पोस्ट-डॉक्टोरल रिसर्च फेलो रहे.

NASA (USA) के मार्शल स्पेस फ्लाइट सेंटर में भी रिसर्च एसोसिएट के रूप में काम किया.

हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और लंदन के इंपीरियल कॉलेज में भी अकादमिक और कंसल्टेंट भूमिका में रहे.

योग और संस्थागत योगदान

1975 में उन्होंने विवेकानंद केंद्र से जुड़कर प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक के रूप में काम शुरू किया.

1979 से 1986 तक वे VK YOGAS (योग थेरेपी एवं रिसर्च समिति) के सचिव रहे.

1993 से 2000 तक वे ऑल इंडिया वाइस प्रेसिडेंट रहे.

2000 से वे VYASA के अध्यक्ष हैं.

2002–2013 तक वे S-VYASA के वाइस चांसलर रहे और 2013 से चांसलर हैं.

सरकारी और राष्ट्रीय भूमिकाएँ

वे आयुष मंत्रालय की IDY (इंटरनेशनल योग दिवस) विशेषज्ञ समिति के चेयरमैन हैं.

CCRYN (योग और नैचुरोपैथी रिसर्च की केंद्रीय समिति और अन्य सरकारी योग संस्थाओं से जुड़े हैं.

योग शिक्षा, पाठ्यक्रम निर्माण और नीति निर्धारण समितियों में उनकी भूमिका रही है.

उन्हें देश-विदेश में कई सम्मान मिले हैं, जिनमें शामिल हैं:

पद्मश्री

भारत गौरव पुरस्कार (ब्रिटिश संसद)

ग्लोबल पीस अवॉर्ड (यूएनओ हॉल)

इंटरनेशनल योग ग्रैंड मास्टर अवॉर्ड

योग शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र के कई राष्ट्रीय पुरस्कार

ये भी पढ़ें:- ब्रिटेन का ‘द शॉशैंक रिडेम्प्शन’, दूसरे के अपराध में काटी 17 साल जेल; 23 साल बाद मिला असली गुनहगार

ये भी पढ़ें:- भारत में जिन सैनिकों की भर्ती बंद हुई, ब्रिटेन उन्हें भर-भरकर ले रहा; रेजिमेंट की नई यूनिट बनाई

12 से 14 जून तक मोंटीसेलो में योग और स्वास्थ्य रिट्रीट

योग दिवस से पहले 12 से 14 जून तक न्यूयॉर्क के मोंटीसेलो में एक विशेष योग और वेलनेस रिट्रीट का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम में योग अभ्यास, ध्यान सत्र, तनाव प्रबंधन पर व्याख्यान, स्वस्थ जीवन शैली और उम्र बढ़ने के दौरान शरीर को फिट रखने जैसे विषयों पर चर्चा होगी.

इस रिट्रीट में सामुदायिक नेताओं, डॉक्टरों और वेलनेस विशेषज्ञों के साथ इंटरैक्टिव सेशन भी आयोजित किए जाएंगे. कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका, ब्रूहड एनवाई सीनियर्स और जयपुर फुट यूएसए द्वारा किया जा रहा है.

21 जून को टाइम्स स्क्वायर में होगा मुख्य योग दिवस समारोह 

21 जून को न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन होगा, जिसमें एचआर नागेंद्र मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे. एचआर नागेंद्र ने कहा कि वह न्यूयॉर्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में शामिल होने को लेकर उत्साहित हैं और यह उनके लिए सम्मान की बात है.

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola