भारत में जिन सैनिकों की भर्ती बंद हुई, ब्रिटेन उन्हें भर-भरकर ले रहा; रेजिमेंट की नई यूनिट बनाई
Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 06 Jun 2026 8:45 AM
गोरखा आर्टिलरी यूनिट के फॉर्मेशन परेड के दौरान किंग चार्ल्स. फोटो- एक्स (RoyalFamily).
Britain forms Gurkha Artillery Unit: भारत और नेपाल के बीच गोरखा भर्ती को लेकर गतिरोध जारी है. लेकिन इसी बीच ब्रिटेन ने नेपाली गोरखाओं के लिए नई रेजिमेंट खड़ी कर दी है. किंग चार्ल्स ने 5 जून को इस नई किंग्स गोरखा आर्टिलरी बनाई है. इसमें आने वाले 3 सालों में 400 सैनिक भर्ती किए जाएंगे.
Britain forms Gurkha Artillery Unit: करीब 200 सालों से दुनिया की सबसे बहादुर लड़ाकू टुकड़ियों में गिने जाने वाले गोरखा सैनिक एक बार फिर चर्चा में हैं. भारत और नेपाल के बीच गोरखा भर्ती को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, लेकिन दूसरी ओर ब्रिटेन न सिर्फ नेपाली युवाओं की भर्ती जारी रखे हुए है बल्कि उसने उनके लिए एक नई सैन्य रेजिमेंट भी खड़ी कर दी है. भारतीय सेना का ऐतिहासिक रिश्ता गोरखा इकाइयों से जुड़ा हुआ है, लेकिन नेपाल के साथ कुछ मुद्दों को लेकर चल रही तकरार की वजह से भारत में गोरखाओं की भर्ती नहीं हो पार रही है.
ब्रिटिश सेना ने रॉयल आर्टिलरी के तहत एक नई किंग्स गोरखा आर्टिलरी बनाई है, इसमें पूरी तरह नेपाल से भर्ती किए गए सैनिक शामिल होंगे. इसे पिछले साल अप्रैल 2025 में बनाया गया था. ब्रिटेन की सेना में इन्हें ‘गोरखा’ नहीं बल्कि ‘गुरखा’ लिखा जाता है.
ब्रिटिश सरकार के अनुसार, अगले तीन सालों में इस यूनिट में 400 गोरखा सैनिक शामिल होंगे, जिससे 2029 तक यह 500 से अधिक सैनिकों की क्षमता वाली रेजिमेंट बन जाएगी. इसके गठन के उपलक्ष्य में पिछले 14 सालों में पहली बार नया कैप बैज भी जारी किया गया है. वर्तमान में ब्रिटिश ब्रिगेड ऑफ गोरखाज में करीब 4000 सैनिक सीधे नेपाल से भर्ती किए जाते हैं.
आधुनिक आर्टिलरी सिस्टम्स पर दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण
नई यूनिट के सदस्य ब्रिटिश सेना की विभिन्न रॉयल आर्टिलरी रेजिमेंटों में सेवाएं देंगे. उनकी तैनाती सेना की फर्स्ट डिवीजन, थर्ड डिवीजन और 16 एयर असॉल्ट ब्रिगेड कॉम्बैट टीम को समर्थन देने के लिए जाएगी, जिससे विभिन्न सैन्य अभियानों में उनकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगी.
इस नई यूनिट को सेना के कुछ सबसे उन्नत और आधुनिक आर्टिलरी सिस्टम्स पर प्रशिक्षण दिया जाएगा. इनमें आर्चर सेल्फ-प्रोपेल्ड आर्टिलरी सिस्टम, लाइट गन और रिमोट-कंट्रोल्ड हॉवित्जर 155 सिस्टम शामिल हैं. ये हथियार लंबी दूरी तक सटीक मार करने और तेजी से तैनाती की क्षमता के लिए जाने जाते हैं.
नेपाली में बोले किंग चार्ल्स, नई रेजिमेंट को दी शुभकामनाएं
ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स तृतीय ने दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड में आयोजित एक विशेष सैन्य समारोह में नेपाली भाषा में ‘आजुर दिन राम्रो छ!’ कहकर उपस्थित सैनिकों का अभिवादन किया. इसका अर्थ है, ‘आज का दिन अच्छा है.’ यह कार्यक्रम किंग्स गोरखा आर्टिलरी की पहली औपचारिक परेड के लिए आयोजित किया गया था.
ब्रिटिश शाही परिवार ने इसे ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि यह ब्रिटिश सेना की पहली समर्पित गोरखा आर्टिलरी यूनिट और उसकी सबसे नई रेजिमेंट है. रॉयल रेजिमेंट ऑफ आर्टिलरी के कैप्टन जनरल किंग चार्ल्स ने कहा कि इस नई रेजिमेंट का गठन ब्रिटिश सेना के लिए बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव है.
ब्रिटेन ने बना दी नई यूनिट, भारत में भर्ती रुकी
एक ओर ब्रिटेन ने गोरखा सैनिकों की भूमिका को और मजबूत करने का फैसला किया है. वहीं दूसरी ओर नेपाल से गोरखा सैनिकों की भर्ती को लेकर भारत में पिछले कुछ समय से गतिरोध बना हुआ है. भारतीय सेना में नेपाली गोरखा जवानों की नई भर्ती पिछले करीब पांच वर्षों से बंद है. शुरुआत में कोविड-19 महामारी के कारण भर्ती प्रक्रिया प्रभावित हुई थी. इसके बाद 2022 से भारत की अग्निपथ योजना को लेकर नेपाल की आपत्तियों ने भर्ती को और आगे बढ़ने नहीं दिया.
अग्निपथ योजना बनी प्रमुख विवाद का कारण
अग्निपथ योजना के तहत युवाओं को चार वर्ष के लिए सेना में नियुक्त किया जाता है और पारंपरिक पेंशन या अन्य सेवानिवृत्ति लाभ नहीं दिए जाते. नेपाल का मानना है कि यह व्यवस्था उन शर्तों से मेल नहीं खाती जिनके आधार पर नेपाली नागरिकों की भारतीय सेना में भर्ती होती रही है. इसी कारण नेपाल ने अग्निवीर मॉडल के तहत भर्ती को मंजूरी नहीं दी है.
लगातार नई भर्ती नहीं होने से भारतीय सेना की गोरखा ब्रिगेड के भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं. भारत और नेपाल के बीच इस मुद्दे पर कई दौर की चर्चा हुई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है.
200 साल पुराना है गोरखाओं का सैन्य इतिहास
गोरखा सैनिकों का इतिहास 19वीं सदी की शुरुआत तक जाता है. एंग्लो-नेपाल युद्ध (1814-1816) के दौरान ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने पहली बार गोरखा सैनिकों की भर्ती शुरू की थी. इसके बाद से वे दुनिया के विभिन्न युद्धक्षेत्रों में अपनी बहादुरी का लोहा मनवाते रहे हैं. भारतीय सेना की पहली गोरखा राइफल्स की पहली बटालियन सबसे पुरानी गोरखा बटालियन मानी जाती है. इसकी स्थापना अप्रैल 1815 में ईस्ट इंडिया कंपनी की बंगाल सेना के हिस्से के रूप में हुई थी.
ये भी पढ़ें:- पीओके में 14000 और सैनिक तैनात कर रहा पाकिस्तान, भारत का कड़ा विरोध; पीएम मोदी से हस्तक्षेप की अपील, क्या है मामला?
ये भी पढ़ें:- तंगहाल पाकिस्तान की खुली किस्मत! सिंध में मिला तेल और गैस का भंडार, एक दिन का प्रोडक्शन केवल इतना
आजादी के बाद गोरखा रेजिमेंटों का बंटवारा
1947 में भारत की स्वतंत्रता के बाद 10 गोरखा रेजिमेंटों में से चार ब्रिटिश सेना को सौंप दी गईं. इनमें दूसरी, छठी, सातवीं और दसवीं गोरखा रेजिमेंट शामिल थीं. बाद में 1994 में इन्हीं चारों को मिलाकर रॉयल गोरखा राइफल्स का गठन किया गया.
वहीं, बाकी छह रेजिमेंट भारतीय सेना के हिस्से में आईं, जिन्हें पुनर्गठित कर पहली, तीसरी, चौथी, पांचवीं, आठवीं और नौवीं गोरखा राइफल्स के रूप में स्थापित किया गया. 1948 में ग्यारहवीं गोरखा राइफल्स भी बनाई गई, जिसमें उन सैनिकों को शामिल किया गया जिन्होंने ब्रिटिश सेना के बजाय भारत में सेवा जारी रखने का फैसला किया था. आज भी इन रेजिमेंटों की अधिकांश टुकड़ियों में नेपाल मूल के सैनिक बड़ी संख्या में शामिल हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










