अजमेर में बोले पीएम मोदी- मुस्लिम लीग के रास्ते पर चल रही है कांग्रेस

Published by :Amitabh Kumar
Published at :28 Feb 2026 12:45 PM (IST)
विज्ञापन
PM Modi in Ajmer Rajasthan

प्रधानमंत्री मोदी अजमेर में (Photo: PTI)

PM Modi in Ajmer : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अजमेर पहुंचे. यहां उन्होंने जनसभा में उपस्थित लोगों का अभिवादन किया. वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसा. नीचे पढ़ें पीएम मोदी ने क्या कहा.

विज्ञापन

PM Modi in Ajmer : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर में 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, उद्घाटन और शिलान्यास किया. ये परियोजनाएं शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, सिंचाई, एनर्जी और इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी हैं. यहां जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी की डबल इंजन सरकार लगातार युवाओं को सशक्त बना रही है. दो साल पहले तक राजस्थान से भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की खबरें सुर्खियों में रहती थीं. अब राजस्थान में पेपर लीक पर लगाम लगाई गई है. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.

कांग्रेस देश को बदनाम करने के लिए मौके तलाशती है : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि इतिहास गवाह है कि मुस्लिम लीग भारत से नफरत करती थी. उसी ने देश का विभाजन किया. आज कांग्रेस भी उसी रास्ते पर चल रही है. माओवादी भी भारत की समृद्धि, हमारे संविधान और सफल लोकतंत्र से नफरत करते हैं. वे घात लगाकर हमला करते हैं. कांग्रेस भी देश को बदनाम करने के लिए मौके तलाशती रहती है.

यह भी पढ़ें : ‘PM Modi ने देश को बेच दिया’, राहुल गांधी ने वीडियो जारी कर फिर बोला हमला

उन्होंने कहा कि देश कांग्रेस के ऐसे कृत्यों को कभी माफ नहीं करेगा. देश को बदनाम करना और हमारी सशस्त्र सेनाओं को कमजोर करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है. आपको याद होगा, कांग्रेस ने ही हमारे सैनिकों को हथियार और वर्दी तक से वंचित रखा. वन रैंक वन पेंशन को भी वर्षों तक लागू नहीं किया गया. विदेशी रक्षा सौदों में बड़े घोटाले भी कांग्रेस के कार्यकाल में ही हुए.

कांग्रेस अब भारत को कर रही है बदनाम : प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हाल ही में दिल्ली में दुनिया का सबसे बड़ा एआई शिखर सम्मेलन आयोजित हुआ. इसमें दुनिया के कई देशों के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति शामिल हुए. दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों के प्रमुख भी एक मंच पर जुटे. सभी ने खुले दिल से भारत की सराहना की. लेकिन निराशा और हताशा में डूबी कांग्रेस ने दुनिया भर से आए मेहमानों के सामने देश की छवि खराब करने की कोशिश की. विदेशी मेहमानों के सामने देश को अपमानित किया. पूरे देश में लगातार हार का सामना कर रही कांग्रेस अब भारत को बदनाम कर बदला ले रही है.

अजमेर आस्था और वीरता की भूमि : पीएम मोदी

संबोधन की शुरुआत में मोदी ने कहा कि अजमेर आस्था और वीरता की भूमि है. यहां तीर्थ स्थल भी हैं और क्रांतिकारी वीरों के पदचिह्न भी मौजूद हैं. मैं अभी हाल में ही इजराइल से लौटा हूं. इजराइल के लोग आज भी राजस्थान के सपूत मेजर दलपत जी की वीरता को गर्व से याद करते हैं. मुझे भी इजराइल की संसद में मेजर दलपत सिंह जी के शौर्य को नमन करने का अवसर मिला.

कांग्रेस शासन के दौरान पेपर लीक माफिया के चंगुल में था : भजनलाल शर्मा

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राजस्थान पेपर लीक माफिया के चंगुल में था. विकसित भारत के आपके विजन को पूरा करने के लिए हमारी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. अब तक हमारी सरकार 1.25 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुकी है. प्राइवेट सेक्टर में तीन लाख रोजगार सृजित किए गए हैं. वर्ष 2026 में 1.25 लाख पदों पर भर्ती के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है.

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola