दंतेवाड़ा में मुठभेड़, पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली ढेर

Updated:
विज्ञापन

नक्सली मुठभेड़ की सांकेतिक तस्वीर (File Photo)

Naxal Encounter : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में मुठभेड़ में पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली ढेर कर दिया गया है. जानें पुलिस की ओर से क्या दी गई जानकारी.

विज्ञापन

Naxal Encounter : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में पांच लाख रुपये का एक इनामी नक्सली मारा गया है. दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि मुठभेड़ बुधवार रात गीदम पुलिस थाना इलाके के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में हुई, जब जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और बस्तर फाइटर्स का एक संयुक्त दल नक्सल विरोधी अभियान पर निकला था.

राय ने बताया कि सुरक्षाबलों को तीन मार्च को गीदम थाना क्षेत्र के गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सली सामग्री और हथियार छिपाए जाने की जानकारी मिली थी. उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के जवानों को क्षेत्र के लिए रवाना किया गया. बुधवार को जब सुरक्षाबल के जवान घेराबंदी कर आगे बढ़ रहे थे तब रात लगभग नौ बजे भैरमगढ़ एरिया कमेटी के आठ से 10 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की.

विज्ञापन

यह भी पढ़ें : सारंडा में 17 माओवादियों की मौत पर नक्सलियों में पसरा डर, मुठभेड़ को बताया फर्जी, बोले- आदिवासी इलाकों में दहशत

अधिकारी ने बताया कि कुछ देर बाद नक्सली वहां से भाग गए. बाद में जब घटनास्थल की तलाशी ली गई तब वहां एक नक्सली का शव बरामद किया गया. उन्होंने बताया कि मारे गए नक्सली की पहचान बीजापुर जिले के बुरजी गांव के निवासी राजेश पुनेम के रूप में हुई है, जो माओवादियों की भैरमगढ़ एरिया कमेटी का सदस्य था. उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था.

इस साल अबतक मारे जा चुके हैं 26 माओवादी

राय ने बताया कि घटनास्थल के आसपास एक सेल्फ लोडिंग राइफल, एक इंसास राइफल, मैगजीन सहित एक पिस्तौल, एक वॉकी-टॉकी सेट, कई मैगजीन और एसएलआर, इंसास और कारतूस तथा खोखे बरामद किए गए हैं. अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में तलाश अभियान जारी है. इस कार्रवाई के साथ इस वर्ष अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ में कम से कम 26 माओवादी मारे जा चुके हैं. तीन जनवरी को, बस्तर इलाके में दो मुठभेड़ में 14 माओवादी मारे गए थे. बस्तर क्षेत्र में दंतेवाड़ा समेत सात जिले शामिल हैं.

पिछले साल कुल 285 माओवादी मारे गए थे

पिछले साल छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में कुल 285 माओवादी मारे गए थे. केंद्र सरकार ने वामपंथी उग्रवाद को खत्म करने के लिए इस साल 31 मार्च तक की समय सीमा तय की है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola