मुंबई की लाइफलाइन पर बारिश का कहरः घाट सेक्शन में भूस्खलन से रेल यातायात ठप, कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट

Mumbai Railway : मुंबई-लोनावला के बीच भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण ठाकुरवाड़ी-मंकी हिल सेक्शन में रेल यातायात प्रभावित हुआ. सेंट्रल रेलवे ने 16 ट्रेनें रद्द और 9 ट्रेनों का मार्ग बदला है. ट्रैक से मलबा हटाने का काम जारी है. IMD ने अगले 24 से 48 घंटे तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
Mumbai Railway: मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब रेलवे संचालन पर भी साफ दिखाई देने लगा है. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, कर्जत और लोनावला के बीच स्थित साउथ ईस्ट घाट सेक्शन में भारी बारिश के कारण मुंबई डिवीजन की अप मेन लाइन (UPML) पर ठाकुरवाड़ी (TKW) और मंकी हिल लूप केबिन (MHLC) के बीच भूस्खलन हो गया. पहाड़ी से मलबा और पत्थर रेलवे ट्रैक पर आ गिरने से इस महत्वपूर्ण रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है.
16 ट्रेनें रद्द, यात्रियों को करना पड़ रहा परेशानी का सामना
भूस्खलन के चलते सेंट्रल रेलवे ने 16 ट्रेनों को रद्द और 9 लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है. जिनमें CSMT-पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस (22105 ),पुणे जंक्शन – सोलापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (12169), सोलापुर – पुणे जंक्शन इंटरसिटी एक्सप्रेस (12170 ), पुणे-CSMT इंद्रायणी एक्सप्रेस (22106 ), CSMT-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस (12127 ), पुणे CSMT इंटरसिटी एक्सप्रेस ( 12128 ), CSMT-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस (11007 ), पुणे-CSMT डेक्कन एक्सप्रेस (11008 ), पुणे CSMT डेक्कन क्वीन (12124 ), पुणे-CSMT प्रगति एक्सप्रेस (12126 ), CSMT-पुणे प्रगति एक्सप्रेस (12125 ), पुणे-CSMT सिंहगढ़ एक्सप्रेस ( 11010 ), CSMT पुणे सिंहगढ़ एक्सप्रेस (11009 ) CSMT-धुले एक्सप्रेस ( 11011) और धुले CSMT एक्सप्रेस ( 11012 ) रद्द की सूची में शमिल है. अचानक हुए इस बदलाव से हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं. रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है और लोग अपनी ट्रेनों की ताजा स्थिति जानने के लिए लगातार पूछताछ कर रहे हैं.
ट्रैक से मलबा हटाने का कार्य शुरू
सेंट्रल रेलवे की इंजीनियरिंग और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और ट्रैक को सुरक्षित बनाने में जुटी हुई हैं. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बारिश कम होते ही ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी कर सेवाओं को सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और उसके आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 से 48 घंटों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे मरम्मत कार्य में देरी हो सकती है. रेलवे ने यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की सलाह दी है. इसके साथ ही, यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और यात्रा से पहले रेलवे के आधिकारिक अपडेट देखने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें- Video : घुटनों तक भरा पानी, मुंबई-पुणे रूट पर ब्रेक, तेज बारिश के चलते दोनों प्रमुख सड़कें बंद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










