370 विरोध प्रदर्शन पर FIR के बाद महबूबा बोलीं- 2019 से PDP को बनाया जा रहा निशाना, उमर ने बताया 'फिक्स्ड मैच'
जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला, गोल घेरे में पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती (फोटो : PTI)
जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने की बरसी पर महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती के खिलाफ FIR दर्ज हुई है. इस घटनाक्रम के बाद महबूबा ने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि PDP को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इसे 'फिक्स्ड मैच' करार दिया.
Article 370 Anniversary : जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने की बरसी पर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) प्रमुख महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर सियासत तेज हो गई है. श्रीनगर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महबूबा मुफ्ती ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 से उनकी पार्टी को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और उसे कमजोर करने की कोशिशें आज भी जारी हैं. वहीं मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने महबूबा के आरोपों को खारिज करते हुए पूरे घटनाक्रम को "फिक्स्ड मैच" करार दिया.
'2019 से PDP को तोड़ने की कोशिश जारी'
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35A की बहाली के लिए सबसे पहले और सबसे मुखर तरीके से PDP ने आवाज उठाई थी. उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से 2019 के बाद उनकी पार्टी को तोड़ने की कोशिश शुरू हुई.
उनके अनुसार, पार्टी से कई अलग-अलग गुट बनाए गए और कुछ नेताओं ने अनुच्छेद 370 हटाने का समर्थन भी किया. महबूबा ने कहा कि आज भी PDP को राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिशें जारी हैं और उनकी पार्टी अपने रुख से पीछे हटने वाली नहीं है.
Also read : मोरबी के कुएं में उठीं रहस्यमयी लहरें, चमत्कार या विज्ञान? जांच से खुलेगा असली राज
इल्तिजा पर FIR और पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
महबूबा मुफ्ती ने अपनी बेटी इल्तिजा मुफ्ती के खिलाफ दर्ज एफआईआर का भी बचाव किया. PDP का आरोप है कि 4 अगस्त को पार्टी कार्यालय के बाहर निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान पुलिस ने इल्तिजा को रोका और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया. पार्टी का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया और इस मामले को अदालत में ले जाया जाएगा.
उमर अब्दुल्ला बोले- यह 'फिक्स्ड मैच' है
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने महबूबा मुफ्ती के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, "इस फिक्स्ड मैच पर मुझसे टिप्पणी मत कराइए. जो कुछ हुआ, उसके बाद उनकी छवि कमजोर हो गई थी. जब भी उनकी छवि कमजोर होती है, एजेंसियां उनकी विश्वसनीयता वापस लाने की कोशिश करती हैं."
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "क्या इल्तिजा मुफ्ती पांच साल की बच्ची हैं? पांच साल का बच्चा भी जानता है कि किसी को इस तरह उकसाया नहीं जाता. यह लोगों को गुमराह करने और राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश है. दुर्भाग्य से PDP बार-बार ऐसा करती है."
'अनुच्छेद 370 लोगों के दिलों में है'
महबूबा मुफ्ती ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 2019 में अनुच्छेद 370 हटाने के समय विकास के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन आज भी जम्मू-कश्मीर के लोगों के दिलों में अनुच्छेद 370 मौजूद है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ PDP और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच की लड़ाई नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर की पहचान और अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है.
Also read : संसद में बढ़ा सियासी तनाव! शाह-बिड़ला की 1 घंटे की बंद कमरे में मीटिंग, क्या टूटेगा विपक्ष का घेराव?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










