Kisan Andolan, Farmers Protest Live Updates: किसानों से मिले पंजाबी अभिनेता गुरप्रीत घुग्गी, कहा – कृषि कानून रद्द करे सरकार
Kisan Andolan, Farmers protest LIVE Updates : कृषि कानूनों (Farm Laws 2020) के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन (Farmers Protest 2020) जोर पकड़ता जा रहा है. सरकार से हो रही बातचीत में इस मसले पर कोई सहमति नहीं बनती दिखाई दे रही है. हालांकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह,(Rajnath Singh) कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर (Narender Singh Tomar) और किसानों के बीच हुई बैठक के बाद चिल्ला बॉर्ड़र (Chilla Border) को ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है. किसान नेता 14 दिसंबर को सुबह से भूख हड़ताल पर बैठेंगे. कृषि कानूनों के विरोध में जारी किसान आंदोलन से जुड़ी हर अपडेट के लिए बने रहें prabhatkhabar.com के साथ…
किसानों से मिले पंजाबी अभिनेता गुरप्रीत घुग्गी, कहा – कृषि कानून रद्द करे सरकार
पंजाबी अभिनेता गुरप्रीत घुग्गी ने सिंघू बॉर्डर पर प्रदर्शनकारी किसानों से मुलाकात की और सरकार से कृषि कानून रद्द करने की मांग की. उन्होंने कहा, यह लड़ाई ‘जमीरदार’ की है. तीन कृषि कानूनों को किसानों ने खारिज कर दिया है, इसलिए केंद्र को भी रद्द कर देना चाहिए.
जामिया के छात्रों को किसानों ने वापस भेजा
किसान नेता राकेश टिकैत ने बताया, जामिया मिलिया इस्लामिया के कुछ छात्र किसानों को समर्थन देने के लिए आए थे, लेकिन उन्हें स्पष्ट रूप से बताया गया कि यह केवल किसानों का आंदोलन है. फिर छात्र जल्द ही वहां से चले गये.
कल सुबह 8 बजे से भूख हड़ताल पर बैठेंगे किसान, युवाओं को किया सतर्क
सिंघु बॉर्डर से किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा, कल सारे संगठनों के मुखिया सुबह 8 बजे से शाम पांच बजे तक एक दिन के लिए भूख हड़ताल रखेंगे. भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने युवाओं को सतर्क रहने को कहा है. उन्होंने कहा, हमें नजर रखने की जरूरत है ताकि कोई गलत तत्व हमारे बीच न हों. हमारे सभी युवाओं को सतर्क रहने की जरूरत है. अगर सरकार बात करना चाहती है तो हम एक समिति गठित करेंगे और आगे का निर्णय लेंगे.
उत्तराखंड के किसानों ने किया कृषि कानून का समर्थन, कृषि मंत्री से की मुलाकात
उत्तराखंड के किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के आवास पर उनसे मुलाकात की और नये कृषि कानून का समर्थन किया है. इससे पहले हरियाणा के कुछ किसान संगठनों ने भी समर्थन करते हुए ज्ञापन सौंपा था. इस बीच केंद्रीय मंत्री ने कहा, विपक्ष को विरोध करना है और देश को गुमराह करना है. उन्होंने धारा 370 को हटाने का भी विरोध किया था, राम मंदिर का भी और CAA का भी.
किसानों के समर्थन में कल उपवास करेंगे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल
किसानों के समर्थन में सोमवार को उपवास करेंगे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल. उन्होंने AAP कार्यकर्ताओं, समर्थकों और जनता से अपील की है कि वो भी किसानों के समर्थन में कल एक दिवसीय उपवास करें.
किसानों के समर्थन में पंजाब के डीआईजी ने दिया इस्तीफा
किसानों के आंदोलन को उस समय बड़ा बल मिला जब पंजाब के एक डीआईजी ने अपना इस्तीफा दे दिया. पंजाब के उप महानिरीक्षक (जेल) लखमिंदर सिंह जाखड़ ने कहा कि उन्होंने नये कृषि कानूनों के विरोध और किसानों के समर्थन में अपनी सेवा से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने शनिवार को राज्य सरकार को अपना इस्तीफा सौंप दिया है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए