झारखंड छात्र आंदोलन पर खरगे बोले- छात्रों के मुद्दे जहां होंगे, कांग्रेस उनकी आवाज उठाएगी
पत्रकारों से बात करते मल्लिकार्जुन खरगे (फोटो : Congress)
झारखंड छात्र आंदोलन पर पहली बार कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस उनकी आवाज उठाती रहेगी और इस संबंध में सहयोगी दल जेएमएम से भी बातचीत की गई है. वहीं रांची में छात्रों का प्रदर्शन 11वें दिन भी जारी है और 7 अगस्त को विधानसभा मार्च की तैयारी की जा रही है.
Jharkhand Student Protest : कांग्रेस के बड़े नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने झारखंड छात्र प्रदर्शन पर पहली बार बयान दिया है. न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि छात्रों से संबंधित मुद्दे जहां भी होंगे, कांग्रेस उसकी आवाज उठाती रहेगी. उन्होंने बताया कि उन्होंने आंदोलन को लेकर अपने गठबंधन के सहयोगियों (जेएमएम) से भी बात की है. हालांकि उन्होंने जेएमएम का नाम नहीं लिया.
देवेंद्रनाथ महतो 5 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर
झारखंड में हजारों की संख्या में छात्र बीते 11 दिनों से रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं छात्रों की मांगों को लेकर छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं. सोनम वांगचुक के फोन पर आग्रह के बाद उन्होंने नमक पानी पीना शुरू किया है. इससे पहले उन्होंने अन्न-जल दोनों का त्याग कर दिया था. आज उनकी भूख हड़ताल का पांचवां दिन है. हालांकि उनकी सेहत में गिरावट बताई गई है. वहीं राज्य सरकार की एक मेडिकल की टीम प्रदर्शन स्थल पर तैनात कर दी गई है, जो निरंतर अनशन पर बैठे देवेंद्रनाथ महतो सहित अन्य छात्रों की जांच कर रही है.
Also read : झारखंड छात्र आंदोलन के समर्थन में उतरे CJP चीफ अभिजीत दीपके, बोले- जरूरत पड़ी तो आऊंगा रांची
क्या हैं छात्रों की मांगें?
छात्रों की मांगें हैं कि 14वीं जेपीएससी की परीक्षा रद्द की जाए, टीडीपीएल कंपनी को परीक्षा कंडक्ट कराने के लिए टेंडर दिया गया है उसे हटाया जाए. उत्तर प्रदेश और जम्मू-कस्मीर जैसे राज्यों में ये कंपनी पहले ही ब्लैकलिस्ट की जा चुकी है. इसके अलावा छात्रों की मांग है कि परीक्षा में अनियमितताओं की जांच का जिम्मा सीआईडी को दिया गया है, इसे सीबीआई के हाथ सौंपा जाए.
7 अगस्त को विधानसभा मार्च करेंगे छात्र
प्रदर्शनकारी छात्रों का अगला महत्वपूर्ण कदम है- विधानसभा मार्च. झारखंड विधानसभा सत्र 6 अगस्त 2026 से शुरू हुआ है, इसके ठीक अगले दिन यानी 7 अगस्त को प्रदर्शनकारी विधानसभा मार्च करने वाले हैं.
धीरे-धीरे व्यापक हो रहा आंदोलन
अब तक यह आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्ण चलता आ रहा है. बीते कुछ दिनों से कुछ बड़े मीडिया संस्थान भी इस प्रदर्शन को कवरेज प्रदान कर रहे हैं. साथ ही देश के अलग-अलग हिस्सों से आंदोलन को समर्थन भी मिलता नजर आ रहा है.
Also read : Parliament LIVE : राम मंदिर और छात्र मुद्दे पर हंगामे से ठप रही लोकसभा, दिनभर के लिए कार्यवाही स्थगित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










