Video: ससुर की हत्या के लिए 6 लाख की सुपारी, वारदात के समय 'धोखेबाज' गाने पर नाचती रही बहू; 27 कॉल से खुला राज
कानपुर में ससुर की हत्या का सांकेतिक फोटो, PHOTO AI
कानपुर में दवा व्यापारी की हत्या का खुलासा हुआ है, जिसमें बहु पर 6 लाख की सुपारी देकर ससुर की हत्या करवाने का आरोप है. पैसों की तंगी और पाबंदियों से तंग आकर उसने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया.
कानपुर के कल्याणपुर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में हुए चर्चित दवा व्यापारी विनीत मनोचा (60) हत्याकांड में पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक सुपारी देकर बहु ने अपने ससुर की हत्या करवा दी. सोशल मीडिया पर आरोपी महिला का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है.
ससुर की पाबंदियों, आर्थिक खींचतान और घर में लगी CCTV निगरानी से क्षुब्ध होकर आरोपी बहू ने इस साजिश को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
वित्तीय पाबंदियां और निगरानी बनी वजह
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के अनुसार, मृतक विनीत मनोचा अपने बेटे और बहू के वित्तीय मामलों तथा दैनिक गतिविधियों पर सख्त नजर रखते थे. घर में जगह-जगह CCTV कैमरे लगे थे. बेटे को दुकान में काम करने के एवज में 35 हजार रुपये महीना और बहू को निजी खर्च के लिए 10-12 हजार रुपये दिए जाते थे. लगातार निगरानी और आर्थिक तंगी के कारण आरोपी महिला परेशान चल रही थी.
ऐसे रची गई साजिश
- 6 लाख की सुपारी: पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने परिवार के पूर्व नौकर विशाल गौतम (30) को ससुर को रास्ते से हटाने के लिए 6 लाख रुपये की सुपारी दी.
- दूसरी चाबी और कोडवर्ड: वारदात से कुछ दिन पहले 1,200 रुपये देकर फ्लैट की दूसरी चाबी बनवाई गई और विशाल को सौंपी गई. गार्ड को चकमा देने के लिए कहा गया कि 'शिवम' नाम का शख्स 'गजरा' देने आएगा, उसे आने दिया जाए.
- कमरे में छिपा अभियुक्त: योजना के तहत 6 सितंबर की रात जब परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए थे, तब अभियुक्त अपने साथी के साथ नकली चाबी से फ्लैट में दाखिल हुआ. रात में जब विनीत मनोचा घर लौटे, तो पहचान उजागर होने के डर से अभियुक्तों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई.
27 कॉल और पुलिस मुठभेड़ से खुलासा
वारदात के बाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान विशाल और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में साजिश का पर्दाफाश हुआ. पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन आरोपी महिला और विशाल के बीच 27 बार बातचीत हुई थी.
पति की भूमिका की भी जांच
पुलिस उपायुक्त एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मामले में आरोपी के पति की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है. यदि इस साजिश में उसकी संलिप्तता के प्रमाण मिलते हैं, तो नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: हापुड़ में दलित युवक की हत्या पर गरमाई सियासत, पुलिस ने रामजीलाल सुमन को रोका... अखिलेश का भाजपा पर हमला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए