Atal tunnel : विरोधी कर लें जितनी भी स्वार्थ की राजनीति, ये देश रुकनेवाला नहीं : PM मोदी
PM Modi Live : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) आज हिमाचल प्रदेश के रोहतांग (Rohtang) में अटल सुरंग (Atal Surang) का उद्घाटन किया. सामरिक रूप से भारत के लिए यह सुरंग बेहद की महत्पूर्ण है. इस सुरंग के शुरु हो जाने से इस सुरंग के कारण मनाली (Manali) और लेह (leh) के बीच की दूरी 46 किलोमीटर कम हो जाएगी और यात्रा का समय भी चार से पांच घंटे कम हो जाएगा. अधिकारियों ने बताया कि लाहौल स्पीति के सीसू में उद्घाटन समारोह के बाद मोदी सोलांग घाटी में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद हैं. अटल सुरंग दुनिया की सबसे लंबी राजमार्ग सुरंग है.
समाज और व्यवस्थाओं में सार्थक बदलाव के विरोधी कर लें जितनी भी स्वार्थ की राजनीति, ये देश रुकनेवाला नहीं : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी तक स्थिति ये थी कि देश में अनेक सेक्टर ऐसे थे, जिनमें बहनों को काम करने की मनाही थी. हाल में जो श्रम कानूनों में सुधार किया गया है, उनसे अब महिलाओं को भी वेतन से लेकर काम तक के वो सभी अधिकार दे दिये गये हैं, जो पुरुषों के पास पहले से हैं. समाज और व्यवस्थाओं में सार्थक बदलाव के विरोधी जितनी भी अपने स्वार्थ की राजनीति कर लें, ये देश रुकनेवाला नहीं है.
हमीरपुर में 66 मेगावॉट के धौलासिद्ध हाइड्रो प्रोजेक्ट को दे दी गयी है स्वीकृति : मोदी
पीएम ने कहा कि अटल टनल के साथ-साथ हिमाचल के लोगों के लिए एक और बड़ा फैसला लिया गया है. हमीरपुर में 66 मेगावॉट के धौलासिद्ध हाइड्रो प्रोजेक्ट को स्वीकृति दे दी गयी है. इस प्रोजेक्ट से देश को बिजली तो मिलेगी ही, हिमाचल के अनेकों युवाओं को रोजगार भी मिलेगा. पीएम किसान सम्मान निधि के तहत देश के लगभग सवा 10 करोड़ किसान परिवारों के खाते में अब तक करीब एक लाख करोड़ रुपये जमा किये जा चुके हैं. इसमें हिमाचल के सवा नौ लाख किसान परिवारों के बैंक खाते में भी लगभग 1000 करोड़ रुपये जमा किये गये हैं.
अब योजनाएं इस आधार पर नहीं बनतीं कि कहां कितने वोट हैं : मोदी
कोई होम स्टे चलाएगा, कोई गेस्ट हाउस, कोई ढाबा, कोई दुकान करेगा, तो वहीं अनेक साथियों को गाइड के रूप में भी रोजगार उपलब्ध होगा. अब देश में नयी सोच के साथ काम हो रहा है. सबके साथ से, सबके विश्वास से, सबका विकास हो रहा है. अब योजनाएं इस आधार पर नहीं बनतीं कि कहां कितने वोट हैं. अब प्रयास इस बात का है कि कोई भारतीय छूट ना जाये, पीछे ना रह जाये. इस बदलाव का एक बहुत बड़ा उदाहरण लाहौल-स्पीति है.
पूरा इलाका बनेगा पूर्वी एशिया समेत विश्व के अनेक देशों के बौद्ध अनुयायियों के लिए बड़ा सेंटर : मोदी
अटल टनल के बनने से लाहौल-स्पीति और पांगी के किसान हों, बागवानी से जुड़े लोग हों, पशुपालक हो, स्टूडेंट हों, नौकरीपेशा हों, व्यापारी-कारोबारी हों, सभी को लाभ होनेवाला है. अब लाहौल के किसानों की गोभी, आलू और मटर की फसल बर्बाद नहीं होगी, बल्कि तेजी से मार्केट पहुंचेगी. स्पीति घाटी में स्थित देश में बौद्ध शिक्षा के एक अहम केंद्र ताबो मठ तक दुनिया की पहुंच और सुगम होनेवाली है. यानी, एक प्रकार से ये पूरा इलाका पूर्वी एशिया समेत विश्व के अनेक देशों के बौद्ध अनुयायियों के लिए भी एक बड़ा सेंटर बननेवाला है. ये टनल इस पूरे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अनेक अवसरों से जोड़नेवाली है.
देश हित और देश की रक्षा से बड़ा हमारे लिए और कुछ नहीं : नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश हित से बड़ा, देश की रक्षा से बड़ा हमारे लिए और कुछ नहीं. लेकिन, देश ने लंबे समय तक वो दौर भी देखा है, जब देश के रक्षा हितों के साथ समझौता किया गया. देश में ही आधुनिक अस्त्र-शस्त्र बने, मेक इन इंडिया हथियार बनें, इसके लिए बड़े रिफॉर्म्स किये गये हैं. लंबे इंतजार के बाद चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अब हमारे सिस्टम का हिस्सा है. देश की सेनाओं की आवश्यकताओं के अनुसार तेज गति और उत्पादन दोनों में बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है.
2014 में सरकार बनने के बाद कोसी महासेतु के काम में लायी तेजी, अब हो चुका है लोकार्पण
पीएम ने कहा कि बिहार में कोसी महासेतु का शिलान्यास भी अटल जी ने ही किया था. 2014 में सरकार में आने के बाद कोसी महासेतु का काम भी हमने तेज करवाया. कुछ दिन पहले ही कोसी महासेतु का भी लोकार्पण किया जा चुका है. बॉर्डर इंन्फ्रास्टक्चर के विकास के लिए पूरी ताकत लगा दी गयी है. सड़क बनाने का काम हो, पुल बनाने का काम हो, सुरंग बनाने का काम हो, इतने बड़े स्तर पर देश में पहले कभी काम नहीं हुआ. इसका बहुत बड़ा लाभ सामान्य जनों के साथ ही हमारे फौजी भाई-बहनों को भी हो रहा है. हमारी सरकार के फैसले साक्षी हैं कि जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए