परमाणु प्रतिबंधों पर भड़के ईरानी राष्ट्रपति, कहा– ट्रंप को किसने दिया बैन लगाने का हक?

Hormuz Crisis: ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर की अवधि खत्म होने में अभी चार दिन बाकी हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है. होर्मुज की नाकाबंदी और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिका की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों को लेकर ईरान ने ट्रंप पर जोरदार हमला किया है.
Hormuz Crisis: ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पर जोरदार हमला बोला है. न्यूज एजेंसी एएनआई ने अल जजीरा की एक रिपोर्ट के आधार पर बताया कि पेजेश्कियन का कहना है कि ट्रंप के पास ईरान को उसके परमाणु अधिकारों से वंचित करने का कोई आधार नहीं है. ईरानी राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों देशों के बीच परमाणु मुद्दों को लेकर मतभेद लगातार गहरा रहे हैं.
पेजेश्कियन ने कहा- ट्रंप को बैन लगाने का किसने दिया अधिकार?
ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने कहा- ट्रंप कहते हैं ईरान अपने परमाणु अधिकारों का उपयोग नहीं कर सकता, लेकिन यह नहीं बताते कि किस अपराध के लिए? वह किसी देश को उसके अधिकारों से वंचित करने वाले कौन होते हैं? वाशिंगटन के पास एक स्वतंत्र देश को उसके तकनीकी अधिकारों से रोकने के प्रयास का कोई वैध आधार नहीं है.
ईरान और अमेरिकी में जारी है वार-पलटवार
होर्मुज पर नियंत्रण और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर तेहरान और अमेरिका में तनाव चरम पर है. दोनों पक्षों के बीच मतभेद बने रहने के कारण राजनयिक गतिरोध भी जारी है. अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान परमाणु मामले में किसी भी बाहरी देश के दवाब में नहीं आने का संकेत दे रहा है. ईरान की नीति से भी साफ हो रहा है कि वो झुकने को तैयार नहीं है.
होर्मुज को ईरान ने दोबारा बंद किया
अमेरिका से जारी विवाद के बीच ईरान ने एक बार फिर होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया. शनिवार को ईरानी सेना ने वहां से गुजरने की कोशिश कर रहे जहाजों पर गोलीबारी की. रिवॉल्यूशनरी गार्ड की गोलीबारी की खबरों के बाद दो भारतीय जहाजों को अपना रूट बदलना पड़ा. ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने कहा है कि होर्मुज पर नियंत्रण पहले जैसी स्थिति में लौट आया है. सशस्त्र बलों के सख्त प्रबंधन और नियंत्रण में… ईरान ने चेतावनी दी कि जब तक ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी रहेगी, तब तक वह होर्मुज में आवागमन पर रोक जारी रखेगा. इससे पहले इजराइल-लेबनान के बीच हुए सीजफायर के बाद ईरान ने होर्मुज को पूरी तरह खोलने का ऐलान किया था, लेकिन बाद में फिर से आवाजाही को अवरुद्ध कर दिया.
अमेरिका ने भी जारी रखी है नाकाबंदी
ईरान की तरह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ट ट्रंप ने भी नाकाबंदी पूरी तरह खोलने की बात कही थी, लेकिन उसे अमल नहीं किया. ट्रंप ने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम समेत किसी भी मुद्दे पर समझौता होने तक ईरान चाहे जो भी करे, अमेरिकी नाकेबंदी पूरी तरह से लागू रहेगी. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि सोमवार से शुरू हुई नाकेबंदी के बाद से अमेरिकी बल ने 21 जहाजों को वापस ईरान भेजा है.
कहां तक पहुंची समझौते की बात?
होर्मुज को लेकर ईरान अमेरिका में तनातनी जारी है. इस बीच शांति और बातचीत के रास्ते भी तलाशे जा रहे हैं. पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका और ईरान 22 अप्रैल की युद्धविराम समय सीमा से पहले एक समझौते के करीब पहुंच रहे हैं. हाल में ही पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने मध्यस्थ के रूप में कार्य करते हुए तेहरान की यात्रा की थी, उन्होंने ईरान को नया अमेरिकी प्रस्ताव भी पेश किया था, जिसकी ईरान समीक्षा कर रहा है.
हालांकि ईरान ने इतना साफ कर दिया है कि आगे की बातचीत के लिए अमेरिका अपनी कुछ मांगों को छोड़ना होगा. वहीं ईरान अमेरिका के बीच दूसरे दौर की बातचीत कब और कहां होगी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. पहले दौर की बातचीत (11 और 12 अप्रैल) पाकिस्तान में हुई थी जो फेल हो गई.
Also Read: ट्रंप को हूतियों की चेतावनी: शांति के रास्ते में अड़चनें डालना बंद करें वरना होगा बंद बाब-अल-मंदेब
यहां देखें वीडियो
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए