अब गर्मी दिखाएगी तेवर, दिल्ली से यूपी-एमपी तक बढ़ेगा पारा, लू का अलर्ट
Published by : Pritish Sahay Updated At : 13 Apr 2026 6:52 PM
इन राज्यों में बढ़ेगी गर्मी, फोटो- पीटीआई
Heatwave Alert: अप्रैल के दूसरे हफ्ते में देश के कई हिस्सों में गर्मी और हीव वेव का प्रकोप दिखने लगा है. दिल्ली से लेकर यूपी, राजस्थान, एमपी, बिहार-झारखंड में गर्मी बढ़ने लगी है. आईएमडी ने कई राज्यों में 4 से 6 डिग्री तक पारा बढ़ने और लू का अलर्ट जारी है.
Heatwave Alert: अप्रैल का दूसरा हफ्ता खत्म हो रहा है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत उत्तर पूर्व भारत के कई और राज्यों में मौसम बदलने लगा है. बीते दिनों पश्चिमी विक्षोभ के कारण इन राज्यों में आंधी बारिश का जो दौर चल रहा था वो अब थम गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अब अधिकतम तापमान में तेजी से इजाफा हो सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के अनुसार भीषण गर्मी की शुरुआत हो चुकी है और कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है.
दिल्ली में अब बढ़ेगी गर्मी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार की सुबह कूल-कूल मौसम के साथ हुई. ठंडी हवाएं चलीं, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई. आईएमडी के अनुसार शहर के अधिकतर मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया. सफदरजंग स्थित मुख्य मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम यानी 17.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं लोधी रोड पर तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आयानगर में यह सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम होकर 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस बीच मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में मौसम की राहत अधिक समय तक नहीं रहेगी. IMD के अनुसार बुधवार तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. अगले एक हफ्ते में तापमान में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की तेज बढ़ोतरी दिख सकती है.
देशभर में बढ़ेगा अधिकतम तापमान, कई हिस्सों में तेज होगी गर्मी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के मुताबिक 13 से 18 अप्रैल के बीच देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. इसके कारण गर्मी का असर और तेज हो सकता है. राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, यूपी समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में तापमान में इस सप्ताह 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 15 अप्रैल तक तापमान 2 से लेकर 5 डिग्री तक का इजाफा हो सकता है. पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा समेत अन्य पूर्वी भारत के राज्यों में 16 अप्रैल तक तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है.
लू और उमस भरे मौसम का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) ने देश के कई हिस्सों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही गर्म और उमस भरे मौसम को लेकर भी चेतावनी दी है. आईएमडी के मुताबिक आने वाले दिनों में अलग-अलग राज्यों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. 13 और 14 अप्रैल को सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ इलाकों में लू चलने की काफी संभावना है. इसके बाद 14 से 16 अप्रैल के दौरान ओडिशा में लू का असर दिख सकता है.16 से 18 अप्रैल के बीच मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. आईएमडी के मुताबिक अगले 7 दिनों के दौरान ओडिशा, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा के कुछ इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा.
Also Read: Rain Warning: 13, 14, 15 और 18 अप्रैल को बारिश, गरज चमक के साथ तूफानी हवा, IMD का अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










