दिल्ली हादसा: बारिश के बीच बेसमेंट में मरम्मत, फिर भरभराकर ढही 5 मंजिला बिल्डिंग, 3 की मौत और पांच की हालत गंभीर

Updated:
विज्ञापन

दिल्ली के सत्य निकेतन में गिरी एक इमारत के मलबे में बचाव अभियान चलाते NDRF की टीम, फोटो- एएनआई

Delhi Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया. पांच मंजिला PG बिल्डिंग अचानक ढह गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और पांच की हालत गंभीर है. हादसे के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था. राहत और बचाव अभियान अब भी जारी है.

विज्ञापन

Delhi Building Collapse: दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई. इस इमारत का इस्तेमाल छात्रों के PG के रूप में किया जा रहा था. हादसे में अब तक तीन छात्रों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस और बचाव एजेंसियों के मुताबिक कई लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका है. हादसे के समय इमारत के बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था. स्थानीय लोगों ने लगातार बारिश के कारण बेसमेंट में पानी जमा होने का भी दावा किया है.

विज्ञापन

बेसमेंट में चल रहा था मरम्मत का काम

पुलिस के मुताबिक इमारत में एक बेसमेंट और उसके ऊपर पांच मंजिलें थीं. घटना के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम किया जा रहा था. स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में हो रही बारिश की वजह से बेसमेंट में पानी जमा होने लगा था. कुछ स्थानीय निवासियों ने नींव कमजोर होने की बात भी कही है.

50 साल पुरानी बताई गई इमारत

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक यह इमारत करीब 50 साल पुरानी थी और Hostel Days नाम से PG के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी. स्थानीय निवासी राजन छेत्री के अनुसार इमारत में लगभग 15 कमरे थे और हर कमरे में दो से तीन छात्र रहते थे. उन्होंने बताया कि यहां रहने वाले कई छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय के आसपास के कॉलेजों में पढ़ते थे और एक बेड के लिए करीब 12 हजार रुपये किराया देते थे.

मलबे से 8 लोगों को निकाला गया

पुलिस के अनुसार अब तक आठ लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है. इनमें दो लोगों को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया, जबकि एक अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई. पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. NDRF की दो टीमें, जिनमें करीब 70 जवान शामिल हैं, बचाव अभियान में लगी हैं. मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है.

फंसे लोगों तक पहुंचाई गई ऑक्सीजन

NDRF अधिकारियों के मुताबिक मलबे में फंसे लोगों को सांस लेने में मदद देने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर नीचे पहुंचाए गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ फंसे लोग फोन के जरिए बाहर मौजूद लोगों और बचाव टीमों से संपर्क भी कर रहे थे. संकरी गलियों और आसपास घनी इमारतों की वजह से बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं.

घटना के बाद मौके पर पहुंची CM रेखा गुप्ता, LG तरनजीत सिंह संधू और पुलिस आयुक्त

हादसे के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और सांसद बांसुरी स्वराज घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने मौके पर चल रहे राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया. इसके बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता AIIMS के ट्रॉमा सेंटर भी गईं. वहां उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य अधिकारियों से बात की. सीएम गुप्ता एम्स सत्य निकेतन में गिरी इमारत के मलबे से बचाए गए और इलाज के लिए लाए गए लोगों से मिलने पहुंची थीं.

अमित शाह ने जताया दुख, अधिकारियों से ली जानकारी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया. उन्होंने मुख्यमंत्री, दिल्ली पुलिस आयुक्त और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के महानिदेशक से बात कर हालात की जानकारी ली. शाह ने कहा कि घायलों को हर जरूरी चिकित्सा सहायता दी जा रही है और उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात की और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया.

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कर रहे रेस्क्यू की निगरानी

नई दिल्ली रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त, दक्षिण-पश्चिम जिले के DCP और अतिरिक्त DCP मौके पर बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं. अधिकारियों के मुताबिक Hostel Days नाम की यह इमारत PG के रूप में इस्तेमाल हो रही थी और इसका मालिक गुरुग्राम में रहता है.

बारिश और बेसमेंट में पानी भरने का दावा

स्थानीय लोगों के मुताबिक शुक्रवार से दिल्ली में लगातार बारिश हो रही थी. उनका दावा है कि बारिश का पानी बेसमेंट में जमा हो रहा था और उसी दौरान वहां मरम्मत का काम भी चल रहा था. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इमारत बारिश, बेसमेंट में काम, कमजोर ढांचे या किसी अन्य कारण से गिरी. हादसे की सही वजह तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.

मालिक की तलाश में पुलिस की कई टीमें

पुलिस के मुताबिक इमारत का मालिक गुरुग्राम में रहता है. उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है और उसे तलाशने के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं.

Also Read: Delhi Building Collapse : मलबे में दबे छात्रों ने किया फोन, वीडियो कॉल पर दिखाया अपना हाल

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola