MP में जहरीली शराब का कहर : 11 लोगों की मौत, वीडियो में देखें कैसे फूटा मृतकों के परिवार का गुस्सा

Updated:
विज्ञापन

मृतकों के परिवार के लोग (Photo: PTI)

मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है. बंडा तहसील में जहरीली शराब पीने के बाद अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 54 लोग बीमार हैं. सभी का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है.

विज्ञापन

शुरुआती जांच में पता चला है कि जहरीली शराब उत्तर प्रदेश के ललितपुर से तस्करी कर लाई गई थी. घटना के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई की. आबकारी विभाग के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया, जबकि एक अधिकारी को पद से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय भेज दिया गया. इसके अलावा बंडा थाना प्रभारी और गूगरा चौकी प्रभारी को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. मामले की जांच जारी है.

विज्ञापन


सागर में जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत के बाद मृतकों के परिजनों में गुस्सा है. परिजनों ने गांव में अवैध शराब की बिक्री तुरंत बंद कराने की मांग की है. उनका कहना है कि गांव में लंबे समय से चोरी-छिपे शराब बेची जा रही है. उन्होंने आशंका जताई कि अगर इसे नहीं रोका गया तो आने वाले दिनों में और लोगों की जान जा सकती है.


नकली शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है : उमंग सिंघार

सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में नकली शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है और इसमें बीजेपी से जुड़े लोग कमाई कर रहे हैं. सिंघार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि अगर जांच ईमानदारी से हुई तो सरकार के कई मंत्रियों की भूमिका भी सामने आ सकती है.

सागर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) शशींद्र चौहान ने प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, “जहरीली शराब पीने से जिले के दो गांवों में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.”

तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई मामले में

शशींद्र चौहान ने बताया कि पांच लोग अभी बीमार हैं, जबकि प्रभावित क्षेत्रों में जांच के दौरान 49 अन्य लोगों में धुंधला दिखाई देने और चक्कर आने जैसे लक्षण मिले हैं. सभी प्रभावित लोगों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. चौहान ने बताया कि पीड़ितों के परिजनों की शिकायत के आधार पर तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola