महिला टीचर पर चाकू से अनगिनत वार कर की हत्या, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

स्कूल में शिक्षिका पर हमला करता नकाबपोश हमलावर (फोटो : X)
फरीदाबाद के एक निजी स्कूल में सोमवार को एक महिला शिक्षिका की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक नकाबपोश युवक शिक्षिका पर ताबड़तोड़ चाकू से वार करता दिख रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Faridabad Teacher Murder : फरीदाबाद के सिकरौना में सोमवार को एक प्राइवेट स्कूल में महिला शिक्षिका की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. हत्या करने वाले की वीडियो सीसीटीवी में कैद हुई है. इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि शिक्षिका के क्लास से बाहर आते ही नकाबपोश युवक ने ताबड़तोड़ चाकू से वार करना शुरू कर दिया. पुलिस ने बताया कि महिला के गले, छाती और पेट के आसपास के हिस्से में 20 से 25 बार हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
सफेद कपड़े से चेहरा ढककर आया था हमलावर
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया कि हमलावर ने अपने चेहरे को सफेद कपड़े से ढक रखा था. उसने स्कूल के इंट्रेंस एरिया में कुछ देर इंतजार किया, जिसके बाद वह स्कूल के अंदर प्रवेश कर जाता है और महिला शिक्षिका के बारे में पूछने लगता है. इस घटनाक्रम के दौरान करीब सुबह के साढ़े नौ बजे थे.
चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
फरीदाबाद सेक्टर 58 पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर केवल सिंह ने घटना से जुड़ी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जैसे ही महिला शिक्षिका के बाहर आते ही उन्हें खींचकर बाहर निकालता है और लगातार चाकू से हमला करना शुरू कर देता है. मृतका बचने की कोशिश करती है लेकिन वह कुछ समझ पाती इससे पहले अचेत होकर गिर पड़ती है.
गले के पास टारगेट कर करने लगा हमला
पुलिस द्वारा बताए अनुसार मृतका के एक अन्य सहकर्मी शिक्षक ने हमलावर को रोकने की कोशिश की. वह जैसे ही उसके समीप गए उनपर भी हमला करने के लिए हमलावर बढ़ा, जिससे वह डरकर पीछे हट गए. इसके बाद हमलावर सिर्फ गले के आसपास टारगेट कर चाकू मारने लग गया. इतने देर में हमलावर ने इतने वार कर दिए थे कि महिला की हालत गंभीर हो गई थी.
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि सहकर्मी शिक्षिका को अल-फलाह मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि मृतक शिक्षिका दो बच्चों की मां थीं. घटना का CCTV फुटेज सामने आया है और उसकी मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है. वहीं फिलहाल हमलावर के हमला करने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है.
Also read : बैंकिंग कानून में होगा बदलाव, डिजिटल रिकॉर्ड को सबूत बनाने वाला बिल लोकसभा में पेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










