सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में दिल्ली से दो गिरफ्तार, झारखंड-यूपी समेत कई राज्यों में छापामारी
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 04 Jul 2022 4:28 PM
Moose Wala Murder Case: पुलिस के अनुसार, अंकित पंजाबी गायक की हत्या में शामिल शूटर में से एक है, जबकि भिवानी ने इन शूटर को शरण और अन्य सहायता मुहैया करायी थी.
Moose Wala Murder Case: दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के सिलसिले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें मूसेवाला को कथित तौर पर करीब से गोली मारने वाला शूटर भी शामिल है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इसके साथ ही पुलिस मामले में अभी तक पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. दिल्ली पुलिस की टीम ने झारखंड और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में छापामारी भी की.
अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने अंकित और सचिन भिवानी को रविवार की रात को गिरफ्तार किया. दोनों ही लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह के वांछित अपराधी हैं. पुलिस के अनुसार, अंकित पंजाबी गायक की हत्या में शामिल शूटर में से एक है, जबकि भिवानी ने इन शूटर को शरण और अन्य सहायता मुहैया करायी थी.
Also Read: Sidhu Moosewala: सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में 3 शूटर्स गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हरियाणा का रहने वाला भिवानी राजस्थान में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का काम देखता है. वह राजस्थान के चुरु में एक अन्य मामले में भी वांछित है. विशेष पुलिस आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) एचजीएस धालीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मामले में शुरुआती गिरफ्तारियों के बाद कई टीम उन्हें रसद सहायता, हथियार और छिपने के ठिकाने मुहैया कराने में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर काम कर रही थी.
धालीवाल ने कहा, ‘हमारी टीम ने मध्यप्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और दिल्ली में छापेमारी की. उन्होंने प्राप्त सुरागों पर काम करना जारी रखा. रविवार को रात 11 बजे के आसपास हमारी टीम ने मूसेवाला को करीब से गोली मारने वाले अंकित को गिरफ्तार कर लिया. उसके साथ सचिन भिवानी को भी पकड़ लिया गया.’
धालीवाल के मुताबिक, भिवानी ने हत्या से पहले और बाद में सभी शूटर को हरसंभव मदद मुहैया कराई थी. उन्होंने बताया कि अंकित हरियाणा के सेरसा गांव का रहने वाला है और राजस्थान में उसके खिलाफ हत्या की कोशिश के आरोप में दो मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, अंकित और भिवानी के पास से 9 एमएम की एक पिस्तौल और उसके 10 कारतूस, 30 एमएम की एक पिस्तौल और उसके 9 कारतूस, पंजाब पुलिस की तीन वर्दी, दो मोबाइल फोन, एक डोंगल और सिम कार्ड बरामद किया गया है.
मूसेवाला की हत्या के मामले में पिछले महीने विशेष प्रकोष्ठ ने दो ‘शूटर’ समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था. इनकी पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के निवासी प्रियव्रत उर्फ फौजी (26), झज्जर जिले के रहने वाले कशिश और पंजाब के बठिंडा निवासी केशव कुमार (29) के तौर पर हुई है. गौरतलब है कि लोकप्रिय पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मानसा जिले में 29 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










