BRICS Summit: दिल्ली में ब्रिक्स समिट के दौरान अशांति फैलाने की साजिश नाकाम, पन्नू के इशारे पर रची गई थी चाल
BRICS Summit को लेकर सुरक्षा जांच करते जवान, फोटो ANI
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान शांति भंग करने की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है. प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) और उसके प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के इशारे पर काम करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
BRICS Summit: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सिंधु बॉर्डर पर विवादित और आपत्तिजनक नारे व पेंटिंग (ग्राफिटी) लिखने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने इस साजिश के कथित मास्टरमाइंड समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलनकी सुरक्षा तैयारियों के बीच हुई है.
गुरपतवंत सिंह पन्नू का नाम आया सामने
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने इस वारदात को प्रतिबंधित संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस' (SFJ) और उसके प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के इशारे पर अंजाम दिया था. पन्नू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस घटना की जिम्मेदारी भी ली थी. जांच में सामने आया है कि मुख्य अभियुक्त एक विदेशी हैंडलर के सीधे संपर्क में था, उसे विदेशों से फंडिंग मिल रही थी और वह भारत में SFJ के अभियानों का संचालन कर रहा था.
सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर स्पेशल सेल ने तीनों अभियुक्तों को दबोचा. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है और मामले की आगे की जांच जारी है.
भारत मंडपम में अभेद्य सुरक्षा
राजधानी के 'भारत मंडपम' में 12-13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (सिक्योरिटी) मनीष अग्रवाल के अनुसार, दिल्ली पुलिस के 15,000 से अधिक जवानों और गृह मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराई गई अर्धसैनिक बलों (CAPF) की लगभग 200 कंपनियों को तैनात किया गया है. आयोजन स्थल पर डॉग स्क्वायड और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लगातार निगरानी की जा रही है.
ब्रिक्स सम्मेलन 2026 की खास बातें
- थीम: इस वर्ष के शिखर सम्मेलन का मुख्य विषय "Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability" (लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और निरंतरता का निर्माण) रखा गया है.
- भारत की भूमिका: ब्रिक्स का संस्थापक सदस्य भारत इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में इसकी अध्यक्षता कर चुका है. यह मंच उभरती अर्थव्यवस्थाओं और 'ग्लोबल साउथ' के हितों को वैश्विक पटल पर रखने का प्रमुख माध्यम है.
- सदस्य देश: वर्तमान में ब्रिक्स समूह में 11 पूर्ण सदस्य देश शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: 6 साल बाद 21 सितंबर से शुरू होगी ग्वांगझू-नई दिल्ली उड़ान, BRICS Summit के बीच चीन से आई अच्छी खबर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए