BRICS डिनर को लेकर कांग्रेस-BJP में वार-पलटवार, राहुल गांधी के तंज पर रिजिजू का जवाब
नेता विपक्ष राहुल गांधी और दूसरी तरह ब्रिक्स डिनर के मेन्यू कार्ड की तस्वीर, फोटो- एएनआई
BRICS Dinner Menu: ब्रिक्स समिट 2026 के डिनर में सिर्फ शाकाहारी खाना परोसे जाने को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. राहुल गांधी और पवन खेड़ा ने इस पर सवाल उठाए, तो केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर पलटवार किया.
BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन खत्म हो चुका है, लेकिन अब इसके डिनर मेन्यू को लेकर सियासत गरमा गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत मंडपम में विदेशी नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए रात्रिभोज रखा था. इसमें सिर्फ शाकाहारी व्यंजन परोसे गए थे. इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने इस पर सवाल उठाए, जबकि बीजेपी ने जवाब देते हुए कहा कि मेहमानों ने भारतीय शाकाहारी भोजन का आनंद लिया.
राहुल गांधी ने क्या कहा?
रविवार को राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर छोले-भटूरे की तस्वीर शेयर की. उन्होंने लिखा कि 80 प्रतिशत भारतीय मांसाहारी हैं और भारतीय नॉनवेज खाना स्वादिष्ट होता है. उन्होंने अपनी बहन के बनाए छोले-भटूरे का भी जिक्र किया. हालांकि राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में BRICS डिनर का सीधे नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी पोस्ट ऐसे समय आई जब सम्मेलन में शाकाहारी खाना परोसे जाने की चर्चा चल रही थी.
पवन खेड़ा ने सरकार पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा नेBRICS डिनर का मेन्यू शेयर करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा पहले देश के लोगों पर खाने की अपनी पसंद थोपती रही है और अब विदेशी मेहमानों के सामने भी वही कर रही है. खेड़ा ने कहा कि भारत खाने-पीने की विविधता वाला देश है और यहां कई तरह के शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजन मशहूर हैं. उन्होंने सवाल किया कि विदेशी मेहमानों के सामने भारत की पूरी खाद्य संस्कृति क्यों नहीं दिखाई गई.
किरेन रिजिजू ने किया पलटवार
कांग्रेस के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि यह हैरानी की बात है कि कांग्रेस BRICS नेताओं को परोसे गए खाने के मेन्यू पर भी राजनीति कर रही है. रिजिजू ने कहा कि विदेशी मेहमानों ने भारतीय शाकाहारी व्यंजनों का आनंद लिया. उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय शाकाहारी भोजन स्वाद, पोषण और अलग-अलग राज्यों की परंपराओं से भरपूर है.
डिनर में क्या-क्या परोसा गया?
BRICS नेताओं के लिए रखे गए रात्रिभोज में कई खास भारतीय शाकाहारी व्यंजन शामिल थे. शुरुआत में खांडवी और खुंब गलौटी परोसी गई. मुख्य भोजन में पनीर लबाबदार, गुच्छी से बने व्यंजन और थक्काली बेले सारू शामिल थे. मिठाई में ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी और शहतूत फिरनी परोसी गई. डिनर के दौरान 100 से ज्यादा कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए