Breaking News: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कल सुबह 9:30 बजे कांग्रेस मुख्यालय में करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
Breaking News Updates : शिवसेना पर दावेदारी मामले में सुप्रीम कोर्ट में आज फिर सुनवाई होगी. इस मामले में बुधवार को भी सुनवाई हुई थी. नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा यंग इंडियन का दफ्तर सील किए जाने के मामले को कांग्रेस संसद में उठाएगी. दिनभर की खबरों के लिए आप हमारे साथ बने रहें.
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कल सुबह 9:30 बजे कांग्रेस मुख्यालय में करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा दिल्ली के AICC मुख्यालय में कल सुबह 9:30 बजे विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई. इससे पहले राहुल गांधी ने नेशनल हेराल्ड बिल्डिंग स्थित यंग इंडिया लिमिटेड के दफ्तर को सील किए जाने और दिल्ली स्थित कांग्रेस दफ्तर के बाहर सुरक्षा बढ़ाए जाने पर बयान देते हुए आज कहा कि उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वह डरने वाले नहीं है. राहुल गांधी ने कहा कि सच्चाई को बैरिकेड नहीं किया जा सकता.
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के आह्वान के बाद से दिल्ली के सदर बाजार में बढ़ी राष्ट्रीय ध्वज की मांग
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के आह्वान के बाद से दिल्ली के सदर बाजार में राष्ट्रीय ध्वज की मांग बढ़ गई है. न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में एक विक्रेता ने बताया कि डिमांड में 10 गुना बढ़ोतरी हुई है. जो लोग छपाई से जुड़ा कोई भी काम कर रहे थे वे इस बार हर काम छोड़ कर बस तिरंगा बना रहे हैं.
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मिला संदिग्ध टिफिन, पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता पहुंचा
हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में एक संदिग्ध टिफिन मिलने से हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही एसपी सहित कई थाने की पुलिस बल को बुलाया गया. साथ ही बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा है.
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी कल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी से करेंगी मुलाकात!
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार को नई दिल्ली में होंगी. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, टीएमसी प्रमुख शनिवार को संसद के केंद्रीय कक्ष में गैर-कांग्रेसी विपक्षी नेताओं के साथ कुछ राजनीतिक मामलों पर चर्चा कर सकती हैं. वहीं, अपने प्रवास के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात कर सकती हैं. हालांकि, सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिल सकती हैं. बनर्जी के सोमवार को कोलकाता लौटने की उम्मीद है.
राज्यपाल ने आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के नये न्यायाधीशों को दिलाई शपथ
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने बृहस्पतिवार को उच्च न्यायालय में नवनियुक्त चार न्यायाधीशों और तीन अतिरिक्त न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई. नये न्यायाधीशों को विजयवाड़ा के तुम्मलपल्ली वारी क्षेत्रीय कलाक्षेत्रम में आयोजित एक आधिकारिक समारोह में शपथ दिलाई गई.
केजरीवाल का सवाल, क्या गुजरात चुनाव में अमित शाह को CM चेहरा बनाएगी बीजेपी
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है कि आम आदमी पार्टी गुजरात में तेजी से बढ़ रही है. भाजपा बुरी तरह बौखलाई हुई है. क्या ये सच है कि आगामी विधान सभा चुनाव में भाजपा गुजरात में अमित शाह जी को CM चेहरा घोषित करने जा रही है? भूपेन्द्रभाई पटेल के काम से क्या भाजपा भी नाराज है?
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए