Breaking News : मुंबई में मन्नत के बगल वाली बिल्डिंग में लगी आग
Breaking News Today : श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने इस्तीफा दे दिया है. दिल्ली में कांग्रे कार्यकारिणी समिति की बैठक शुरू हो गयी है. मुंबई सेशन कोर्ट ने सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा को 18 मई तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. ताजा खबरों के लिए आप हमारे साथ बने रहें.
मुंबई में मन्नत के बगल वाली बिल्डिंग में लगी आग
मुंबई के बांद्रा बैंड स्टैंड में मन्नत बंगले के पास एक बहुमंजिली इमारत की 14वीं मंजिल पर आग लग गयी. इसमें किसी के हताहत होने की अभी तक कोई जानकारी नहीं आयी है.
बेलगावी से दिल्ली आ रहे विमान से टकराया पक्षी
बेलगावी से दिल्ली आ रहे स्पाइसजेट के एक विमान से सोमवार सुबह एक पक्षी टकरा गया. हालांकि, विमान दिल्ली हवाईअड्डे पर सुरक्षित रूप से लैंडिंग करने में सफल रहा. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर तैनात विमानन कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि बोइंग 737-8 मैक्स विमान में लगभग 187 यात्री सवार थे. बेलगाम हवाईअड्डे पर विमान से एक पक्षी टकराया.
रिजर्व बैंक ने अभयुदय को-ऑपरेटिव बैंक पर 58 लाख रुपये का जुर्माना लगाया
भारतीय रिजर्व बैंक ने कई निर्देशों के अनुपालन में चूक के लिए अभ्युदय को-ऑपरेटिव बैंक पर 58 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. इसमें गैर-निष्पादित आस्तियों (एनपीए) से संबंधित नियमों में चूक भी शामिल है. रिजर्व बैंक ने अलग से जारी बयान में कहा कि नोएडा कमर्शियल को-ऑपरेटिव बैंक, गाजियाबाद पर भी बैंकिंग नियमन कानून, 1949 के कुछ नियमों के उल्लंघन के लिए एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. रिजर्व बैंक ने कहा कि दोनों की मामलों में जुर्माना नियामकीय खामियों से संबंधित है. इसका बैंकों और उनके ग्राहकों के बीच हुए लेनदेन की वैधता से कोई लेना-देना नहीं है.
इंडिगो मामले की जांच के लिए डीजीसीए ने बनायी तीन सदस्यीय कमेटी
भारत के विमानन नियामक डीजीसीए ने दिव्यांग बच्चे को रांची हवाई अड्डे पर हैदराबाद जाने वाले इंडिगो विमान में सवार होने से रोके जाने के मामले में तीन सदस्यीय ‘तथ्यान्वेषण’ टीम का गठन किया है. डीजीसीए ने एक बयान में कहा, ‘वे रांची और हैदराबाद जाकर एक सप्ताह के अंदर पर्याप्त साक्ष्य एकत्रित करेंगे. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.’
दो दिन में निवेशकों की 7.73 लाख करोड़ रुपये की पूंजी डूबी
शेयर बाजारों में गिरावट का सिलसिला जारी रहने के बीच दो कारोबारी सत्रों में निवेशकों की 7.73 लाख करोड़ रुपये की पूंजी डूब गयी है. सोमवार को स्थानीय बाजारों में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही. बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 364.91 अंक यानी 0.67 प्रतिशत के नुकसान के साथ 54,470.67 अंक पर आ गया. शुक्रवार को भी सेंसेक्स 866.65 अंक यानी 1.56 प्रतिशत टूटकर 54,835.58 अंक पर बंद हुआ था. इन दो कारोबारी सत्रों में बीएसई की सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 7,73,582.29 करोड़ रुपये घटकर 2,51,91,307.08 करोड़ रुपये रह गया है.
जहांगीरपुरी के एसएचओ का तबादला, नये अधिकारी की तत्काल प्रभाव से नियुक्ति
उत्तर पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी थाना के प्रभारी (एसएचओ) का तबादला कर दिया गया है. इसी इलाके में पिछले महीने हनुमान जयंती के जुलूस के दौरान सांप्रदायिक संघर्ष भड़क गया था. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसे नियमित स्थानांतरण बताया है. निवर्तमान थानेदार ने तीन महीने पहले एक आवेदन देकर कहा था कि वह थाना प्रभारी के पद पर नहीं रहना चाहते हैं और उन्होंने तबादला किये जाने का आग्रह किया था.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए