Live Updates

Breaking News: केदारनाथ मंदिर का वीडियो वायरल, मंदिर समिति ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी

Updated:
विज्ञापन

Breaking News Today: बोलीदाताओं के पीछे हटने के बाद बीपीसीएल का निजीकरण रुका. दिल्ली में 532 नये कोरोना संक्रमित मिले. दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिया इस्तीफा. रूस ने फ्रांस के 34 राजनयिकों को किया बर्खास्त. लुधियाना के स्कूटर मार्केट में आग. ताजा खबरों के लिए आप हमारे साथ बने रहें.

विज्ञापन

सोशल मीडिया पर केदारनाथ मंदिर का वीडियो वायरल

केदारनाथ मंदिर में अपने कुत्ते के साथ बेरोकटोक घूम रहे और भगवान नंदी की मूर्ति पर उसे स्पर्श करवाकर पूजा कर रहे एक श्रद्धालु का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने बुधवार को आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी. मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय के निर्देश पर मुख्य कार्याधिकारी ने केदारनाथ पुलिस चौकी को दी अपनी शिकायत में कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले एक वीडियो में एक व्यक्ति अपने कुत्ते को बेरोकटोक मंदिर के बाह्य परिसर में घुमाता तथा मंदिर के बाहर भगवान नंदी की मूर्ति पर उसे ले जा कर स्पर्श करवाकर पूजा अर्चना करता दिख रहा है.

मैथिली कवि, गीतकार रवींद्र नाथ ठाकुर का निधन

मैथिली कवि एवं गीतकार रवींद्र नाथ ठाकुर का बुधवार को उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक अस्पताल में निधन हो गया. वह 83 वर्ष के थे. रवींद्र नाथ ठाकुर के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है. रवींद्र नाथ ठाकुर के जयेष्ठ पुत्र और पेशे से पत्रकार अविंद्र ठाकुर ने फोन पर बताया कि उनके पिता करीब डेढ़ साल से कैंसर से पीड़ित थे और बुधवार को नोएडा स्थित एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली.

दिल्ली में तीनों नगर निगमों का 22 मई को होगा विलय

दिल्ली की तीन नगर निगमों का 22 मई 2022 को विलय हो जायेगा. इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी. ‘दिल्ली नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2022’ को संसद ने मंजूरी दी थी. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 18 अप्रैल 2022 को इस विधेयक को मंजूरी दे दी थी.

बोलीदाताओं के पीछे हटने के बाद बीपीसीएल का निजीकरण रुका

सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) का निजीकरण रुक गया है. एक शीर्ष सूत्र ने बताया कि ईंधन कीमतों पर स्पष्टता की कमी के चलते दो बोलीदाता पीछे हट गये हैं, जिसके बाद इस कंपनी को हासिल करने की दौड़ में सिर्फ एक बोलीदाता बचा है. सरकार ने बीपीसीएल में अपनी पूरी 52.98 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की योजना बनायी थी और मार्च, 2020 में बोलीदाताओं से रुचि पत्र आमंत्रित किये थे.

हार्दिक पटेल ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा

हार्दिक पटेल ने आखिरकार कांग्रेस पार्टी छोड़ दी है. कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं पर सवाल खड़े कर दिये हैं. राहुल गांधी की युवा ब्रिगेड के सदस्य रहे हार्दिक पटेल पार्टी में अपनी उपेक्षा से नाराज थे. उन्होंने कहा कि वह पार्टी के लिए कुछ करना चाहते थे. लेकिन, दिल्ली में बैठे नेताओं को उनकी बात सुनने की बजाय चिकन सैंडविच में ज्यादा दिलचस्पी थी.

केरल में एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन अलग हुआ, बिना बोगियों के दौड़ी ट्रेन

केरल के त्रिशूर जिले में बुधवार को मंगला एक्सप्रेस का इंजन अपनी बोगियों से अलग हो गया और कुछ दूर तक बिना बोगियों के दौड़ा. रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन का संचालन नयी दिल्ली के निजामुद्दीन से केरल के एर्णाकुलम के लिए किया गया था. घटना पुनकुन्नम और त्रिशूर रेलवे स्टेशनों के बीच हुई.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola