Breaking News: राहुल गांधी को ईडी से मिली राहत, अब 20 जून को होगी पेशी
Breaking News Today : लगातार तीन दिन की पेशी के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को राहत दी है. ईडी ने गुरुवार को राहुल गांधी को नया समन जारी किया, जिसमें उन्हें 20 जून को ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया है.
राहुल गांधी को ईडी से मिली राहत, अब 20 जून को होगी पेशी
लगातार तीन दिन की पेशी के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को राहत दी है. ईडी ने गुरुवार को राहुल गांधी को नया समन जारी किया, जिसमें उन्हें 20 जून को ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया है. राहुल गांधी ने ईडी से तीन दिन की मोहलत मांगी थी. उन्होंने कहा था कि उनकी मां सोनिया गांधी बीमार हैं. इसलिए उन्हें 19 जून तक पूछताछ से राहत दी जाये. ईडी ने उनके आग्रह को स्वीकार कर लिया है. नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी से पूछताछ चल रही है.
जयराम रमेश कांग्रेस महासचिव और संचार विभाग के प्रभारी नियुक्त
सीनियर कांग्रेस लीडर जयराम रमेश को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का महासचिव और संचार विभाग का प्रभारी नियुक्त किया गया है. वह मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया का काम भी देखेंगे.
अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शनों के चलते 34 से अधिक ट्रेनें रद्द: रेलवे
सेना में भर्ती के लिए अग्निपथ योजना की घोषणा और रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की परीक्षाओं में देरी के विरोध में प्रदर्शनों के चलते बृहस्पतिवार को 34 से अधिक ट्रेन रद्द कर दी गयीं. आठ अन्य को आंशिक रूप से रद्द किया गया. रेलवे ने कहा कि प्रदर्शनों के चलते 72 अन्य ट्रेन देरी से चल रही हैं. इसने कहा कि पांच मेल और एक्सप्रेस ट्रेन तथा 29 यात्री ट्रेन रद्द कर दी गयी. अग्निपथ योजना के खिलाफ देश भर में कई जगहों से विरोध-प्रदर्शन की खबरें आ रही हैं. दिल्ली के नांगलोई में, प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक को अवरुद्ध कर दिया और हाल ही में घोषित योजना के खिलाफ नारेबाजी की.
अनंतनाग में एक आतंकवादी हलाक
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में दिन में शुरू हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है. जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से यह जानकारी दी गयी है.
अरब सागर से 9 पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार, 280 करोड़ की हेरोइन बरामद
गुजरात एटीएस ने इंडियन कोस्ट गार्ड के साथ मिलकर अरब सागर से एक पाकिस्तानी नाव जब्त की है. इस नाव पर 280 करोड़ रुपये मूल्य की 56 किलो हेरोइन लदी थी. नाव पर 12 लोग सवार थे, जिसमें 9 पाकिस्तानी हैं. सभी को तट पर लाकर उनसे पूछताछ की जा रही है.
फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर बढ़ाने के फैसले से ‘मंदी’ की आशंका बढ़ी
अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पावल ने बढ़ती मुद्रास्फीति को काबू में करने के लिए हरसंभव कदम उठाने की प्रतिबद्धता जतायी है. फेडरल रिजर्व के इस रुख से देश में ‘मंदी’ की आशंका बढ़ गयी है. अमेरिका में महंगाई दर केंद्रीय बैंक के हरसंभव प्रयास के बावजूद चार दशक के रिकॉर्ड स्तर पर है. अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने बुधवार को नीतिगत ब्याज दर में 0.75 प्रतिशत की वृद्धि की है. इससे नीतिगत दर 1.5 से 1.75 प्रतिशत के बीच हो गयी है. वर्ष 1994 के बाद से ब्याज दरों में यह अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि है. अमेरिका में मुद्रास्फीति चार दशक के उच्चस्तर पर है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए