असम चुनाव: वोटिंग से एक दिन पहले कांग्रेस को झटका, उदलगुड़ी से उम्मीदवार ने छोड़ी पार्टी

Author Govind jee
Updated:
विज्ञापन

तस्वीर में सुरेन दैमरी

Assam Election: असम चुनाव के बीच सुरेन दैमरी ने कांग्रेस पर एसटी समाज की अनदेखी और फोन न उठाने जैसे गंभीर आरोप लगाकर सबको चौंका दिया है. चुनावी मैदान में अब रिहोन दैमरी और दिपेन बोरो जैसे दिग्गजों के बीच मुकाबला रोचक हो गया है.

विज्ञापन

Assam Election: असम में वोटिंग से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस के लिए बुरी खबर आई है. उदलगुड़ी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुरेन दैमरी ने बुधवार को अचानक पार्टी छोड़ने और चुनाव से हटने का ऐलान कर दिया है. हालांकि, कांग्रेस पार्टी का कहना है कि उन्हें अभी तक आधिकारिक इस्तीफा नहीं मिला है.

विज्ञापन

ईवीएम में रहेगा नाम

चुनाव आयोग के एक सीनियर अधिकारी ने बताया है कि अब बहुत देर हो चुकी है. सुरेन दैमरी का नाम ईवीएम (EVM) में रहेगा और लोग उनके सामने वाला बटन दबाकर उन्हें वोट दे सकते हैं. नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख काफी पहले निकल चुकी है, इसलिए तकनीकी रूप से वह अब भी मैदान में हैं.

कांग्रेस प्रवक्ता बोले- मीडिया में दी जानकारी

पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस प्रवक्ता बेदब्रत बोरा ने कहा है कि दैमरी ने मीडिया के सामने पार्टी छोड़ने की बात कही है, लेकिन अब तक पार्टी को अपना इस्तीफा लिखकर नहीं दिया है. वहीं दैमरी ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस में रहने का कोई फायदा नहीं है और पार्टी ने उनके साथ धोखा किया है.

पार्टी पर लगाए गंभीर आरोप

सुरेन दैमरी ने कांग्रेस पर पक्षपात के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि पार्टी सिर्फ एक खास समुदाय के लिए काम करती है और उनके जैसे अनुसूचित जनजाति (ST) के लोगों के लिए कुछ नहीं करती. दैमरी का दावा है कि टिकट मिलने के बाद पार्टी ने चुनाव प्रचार में उनकी कोई मदद नहीं की. उन्होंने कहा कि वह बार-बार बड़े नेताओं को फोन करते रहे, लेकिन किसी ने फोन तक नहीं उठाया. जिला कमेटी ने भी उनका साथ नहीं दिया.

वोटिंग से एक दिन पहले ही क्यों लिया फैसला?

जब दैमरी से पूछा गया कि उन्होंने वोटिंग से ठीक पहले यह कदम क्यों उठाया, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने पार्टी को नहीं, बल्कि पार्टी ने उन्हें धोखा दिया है. उन्होंने लंबे समय तक मदद का इंतजार किया और जब कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला, तो उन्होंने हटने का मन बना लिया.

9 अप्रैल को मतदान 

चुनाव आयोग के अधिकारी के अनुसार, पोलिंग पार्टियां अपने-अपने केंद्रों के लिए रवाना हो चुकी हैं, इसलिए नाम वापस लेने का अब कोई सवाल ही नहीं है. असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे और 4 मई को नतीजे आएंगे. उदलगुड़ी सीट पर अब मुख्य मुकाबला भाजपा की सहयोगी पार्टी बीपीएफ के रिहोन दैमरी, यूपीपीएल के दिपेन बोरो और वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के उनीके बसुमतारी के बीच माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें: भवानीपुर में नामांकन के बाद बोलीं ममता बनर्जी- वोटर लिस्ट से करोड़ों नाम गायब, यह लोकतंत्र का गला घोंटना

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola