हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई, दो शूटर एनकाउंटर में ढेर
अंकित बालियान हत्याकांड (Photo: X)
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी एसटीएफ ने कार्रवाई की. पुलिस के साथ मुठभेड़ में हत्या में शामिल दो शूटर मारे गए. पुलिस हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी है.
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में दो शूटर सुमित और मोहित मारे गए. दोनों अंकित की हत्या में शामिल चार शूटरों में शामिल थे. अभी तक की जांच में इस हत्याकांड में कुल छह लोगों के शामिल होने की बात सामने आयी है. इनमें चार आरोपियों पर सिंगर अंकित बालियान पर गोली चलाने का शक है. वहीं, दो अन्य लोगों ने हमले से पहले रेकी की थी. पुलिस अब सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और बाकी संदिग्धों की तलाश जारी है.
35 वर्षीय हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की शामली में जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. वह इलाके में काफी लोकप्रिय थे और उनके कई गाने लोगों के बीच चर्चित थे. इनमें ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ भी शामिल है, जिसे क्षेत्र में खूब पसंद किया गया था.
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों ढेर हो गए
यूपी पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है. शामली में पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो शूटर सुमित और मोहित मारे गए. बताया जा रहा है कि दोनों सोनीपत के रहने वाले थे और अंकित की हत्या में शामिल थे. पुलिस के अनुसार, होटल राजमहल के पास बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों ढेर हो गए. मौके पर एसपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
26 अगस्त को अंकित को मारी गई थी गोली
26 अगस्त को शामली में जिम के बाहर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इसके बाद से पुलिस और एसटीएफ लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी.
अंकित के पिता सतबीर सिंह ने क्या कहा?
घटना के बाद अंकित के पिता सतबीर सिंह ने पुलिस और प्रशासन पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा कि परिवार ने चार दिन का समय दिया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. एसपी और डीएम ने और समय मांगा, जिसे परिवार ने दे दिया. सतबीर सिंह ने कहा कि उनका बेटा चला गया, बहू की हालत खराब है और उसे रोज डॉक्टर के पास ले जाना पड़ रहा है. उन्होंने भावुक होकर कहा कि परिवार बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा है और उन्हें डर है कि कार्रवाई का इंतजार करते-करते कहीं उनकी भी जान न चली जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए