कांग्रेस पर वार के बीच पीएम मोदी की तारीफ, क्या है आचार्य प्रमोद कृष्णम के मन में
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 02 Feb 2024 2:20 PM
पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के बाद आचार्य प्रमोद कृष्णम ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर लिखा कि मुझे 19 फरवरी को होने वाले श्री कल्कि धाम के शिलान्यास समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. इसे स्वीकार करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री का हृदय से आभार
एक कांग्रेस नेता की चर्चा इन दिनों काफी हो रही है जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी की है. जी हां…इस नेता का नाम आचार्य प्रमोद कृष्णम है जो कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के करीबी माने जाते हैं. गुरुवार को खबर आई कि कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और उन्हें उत्तर प्रदेश के सम्भल में 19 फरवरी को आयोजित होने वाले श्री कल्कि धाम के शिलान्यास समारोह के लिए आमंत्रित किया. प्रधानमंत्री से कांग्रेस नेता की मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं. कयास तो यह भी लगाए जा रहे हैं कि आचार्य प्रमोद कृष्णम कांग्रेस का दामन छोड़ सकते हैं. आपको बता दें कि हाल ही में कई बार ऐसा देखा जा चुका है कि वे कांग्रेस पर हमलावर नजर आये हैं.
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर जता चुके हैं नाराजगी
22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम के लिए कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को आमंत्रित किया गया था. हालांकि कांग्रेस के बड़े नेता कार्यक्रम में नहीं पहुंचे. कांग्रेस के द्वारा आमंत्रण को अस्वीकार कर देने से आचार्य प्रमोद कृष्णम नाराज नजर आए थे. उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को इस कार्यक्रम में जाना चाहिए. यह किसी पार्टी का कार्यक्रम नहीं है. यह राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा का समारोह है. उल्लेखनीय है कि आचार्य प्रमोद कार्यक्रम में शामिल हुए थे.
राहुल गांधी की न्याय यात्रा पर सवाल
‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था कि पार्टी के जो नेता राम मंदिर के ‘मुहूर्त’ पर सवाल उठा रहे थे और विश्लेषण कर रहे थे… उन्हें कम से कम यह तो पता होना चाहिए था कि ‘शास्त्रों’ के अनुसार ‘पंचक’ शुरू हो चुका है. आपको बता दें कि 14 जनवरी को यह यात्रा शुरू हुई थी और उस वक्त पंचक चल रहा था. आगे आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा था कि ‘पंचक’ 18 जनवरी तक चलेगा. ‘पंचक’ के इन पांच दिनों के दौरान कोई भी अच्छा काम शुरू नहीं किया जाता है और इस अवधि के दौरान यह ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू की जा रही है. मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वह इस यात्रा और राहुल गांधी को अपना आशीर्वाद दें.
Also Read: ‘पीएम मोदी से ना करें नफरत…’ कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने दी विपक्षी नेताओं को नसीहत
कांग्रेस के विधानसभा चुनाव हारने पर तंज
साल 2023 में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में चुनाव हुए थे. इन तीनों राज्यों में कांग्रेस की हार हुई थी. कांग्रेस की इस हार के बाद आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बगैर नाम लिए कांग्रेस पर तंज कसा था. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि सनातन का श्राप ले डूबा. 2018 में इन तीनों ही राज्यों में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी और सरकार बनाई थी, लेकिन मध्य प्रदेश में 2020 जबकि 2023 में राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सीएम की गद्दी कांग्रेस ने गंवा दी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










