33.5 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Advertisement

दिल्ली के शासन में ‘आमूल-चूल सुधार’ लायेंगे:हर्षवर्धन

नयी दिल्ली : भाजपा की ओर से दिल्ली के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने के दूसरे दिन हर्षवर्धन ने आज वायदा किया कि सत्ता में आने पर वह शासन में ‘‘आमूल-चूल सुधार’’ लाएंगे. कांग्रेस के शासन पर दिल्ली की जनता पर ‘‘दुखों का पहाड़’’ खड़ा कर देने और राष्ट्रीय राजधानी को आईसीयू में डालने […]

नयी दिल्ली : भाजपा की ओर से दिल्ली के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने के दूसरे दिन हर्षवर्धन ने आज वायदा किया कि सत्ता में आने पर वह शासन में ‘‘आमूल-चूल सुधार’’ लाएंगे. कांग्रेस के शासन पर दिल्ली की जनता पर ‘‘दुखों का पहाड़’’ खड़ा कर देने और राष्ट्रीय राजधानी को आईसीयू में डालने की हालत में ले आने का आरोप लगाते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा के सत्ता में आने पर यहां की जनता को ‘‘साफ-सुथरा, पारदर्शी और जन-शासन’’ उपलब्ध कराया जाएगा.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल को मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी की दौड़ में पछाड़ने वाले मृदु-भाषी हर्षवर्धन ने दिल्ली इकाई में एकता की तस्वीर पेश करने के प्रयास में दिल्ली चुनाव के प्रभारी नितिन गडकरी, गोयल, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार मल्होत्र और दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता की उपस्थिति में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दावा किया कि ‘‘भ्रष्ट कांग्रेस सरकार’’ को उखाड़ फेंकने में पार्टी कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेगी.

दिल्ली में भाजपा शासन के दौरान स्वास्थ्य मंत्री रहे हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता भ्रष्ट और निष्प्रभावी कांग्रेस सरकार सत्ता से बेदखल करने के लिए एकजुट होकर कार्य करेंगे. यह सरकार सभी मोचरे पर असफल रही है. गरीब जनता नरक जैसी स्थिति में जी रही है. राष्ट्रीय राजधानी आईसीयू में है और उसे मरहम की जरुरत है.’’ इस अवसर पर गडकरी ने विश्वास जताया कि हर्षवर्धन के नेतृत्व में भाजपा दिल्ली से कांग्रेस के 15 साल के शासन को उखाड़ फेंकेगी.

आम-ओ-खास में ‘‘डाक्टर साहब’’ कह कर पुकारे जाने वाले हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘बहुत जल्दी दिल्ली की जनता को शीला दीक्षित के कुशासन से मुक्ति मिलेगी.’’ मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी की दौड़ में पीछे रह गए विजय गोयल ने इस मौके पर पार्टी में किसी तरह की अंदरुनी कलह से इंकार किया. हर्षवर्धन की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा को फिर से शासन में लाने में कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी.

गोयल ने कहा, ‘‘कांग्रेस की इस भ्रष्ट सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए पार्टी एकजुट होकर मोर्चा संभालेगी. दिल्ली की जनता कांग्रेस के कुशासन से आजिज आ चुकी है. हमारी विजय के लिए मैं आश्वस्त हूं.’’ पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की ओर मुखातिब होते हुए दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मुझे हर्षवर्धन के बारे में कुछ बताने की जरुरत नहीं है. वह लोकप्रिय नेता हैं. दिल्ली को पोलियो से मुक्त कराने में उनकी भूमिका की देश में और देश के बाहर खूब सरहाना हुई है.’’ गोयल ने कांग्रेस और ‘आप’ को ललकारते हुए कहा कि वे शहर के लिए अपना एजेंडा पेश करें. उन्होंने कहा, हकीकत यह है कि इन दोनों दलों के पास ऐसा कोई एजेंडा पेश करने के लिए है ही नहीं.

उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर पहला काम बिजली की दरों में कटौती करने का करेगी. हर्षवर्धन ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा, ‘‘मैं 100 प्रतिशत इसके पक्ष में हूं. राजग सरकार इस संबंध में विधेयक भी लाई थी जिसका कांग्रेस ने विरोध किया था.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें

ऐप पर पढें