दिल्ली : देर रात कपड़ा गोदाम में लगी आग, 9 लोगों की मौत
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 23 Dec 2019 9:25 AM
नयी दिल्ली : दिल्ली के किराड़ी क्षेत्र में एक तीन मंजिला आवासीय एवं वाणिज्यिक इमारत में भीषण आग लगने से तीन बच्चों समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई. उल्लेखनीय है कि इस घटना से कुछ ही दिन पहले उत्तरी दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में आठ दिसंबर को एक चार मंजिला […]
नयी दिल्ली : दिल्ली के किराड़ी क्षेत्र में एक तीन मंजिला आवासीय एवं वाणिज्यिक इमारत में भीषण आग लगने से तीन बच्चों समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई. उल्लेखनीय है कि इस घटना से कुछ ही दिन पहले उत्तरी दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में आठ दिसंबर को एक चार मंजिला इमारत में आग लगने से 43 लोगों की मौत हो गई थी. इस इमारत में अवैध निर्माण इकाइयां थीं.
दिल्ली दमकल सेवा ने बताया कि आग लगने की सूचना फोन के जरिए रविवार देर रात 12 बज कर 30 मिनट पर मिली जिसके बाद आठ अग्निशमन वाहनों को घटनास्थल रवाना किया गया. इमारत के भूतल में कपड़ों का एक गोदाम था और अन्य मंजिलों पर आवास थे.
दिल्ली दमकल सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि तड़के तीन बजकर 50 मिनट पर आग पर काबू पाया जा सका. अधिकारी ने बताया कि इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गई. मृतकों की शिनाख्त राम चंद्र झा (65), सुदरिया देवी (58), संजू झा (36) और उदय चौधरी (33) एवं उसकी पत्नी मुस्कान (26) तथा उनके बच्चों अंजलि (10), आदर्श (सात) और तुलसी (छह महीने) के रूप में की गई है.
अधिकारियों ने तीन लोगों को बचा लिया जिनकी पहचान पूजा (24) और उसकी बेटियों आराध्या (तीन) और सौम्या (10) के रूप में की गई है. इमारत में कोई अग्नि सुरक्षा उपकरण नहीं मिला.
एक अधिकारी ने बताया कि दूसरी मंजिल पर सिलेंडर फटने के कारण इमारत आंशिक रूप से ढह गई. हालांकि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. घटना के समय पूजा का पति एवं इमारत का मालिक अमरनाथ झा हरिद्वार में था. आगे की जांच जारी है.
परिजनों को 10 लाख रुपए अनुग्रह राशि देने की घोषणा
दिल्ली सरकार ने किराड़ी इलाके में आग लगने की घटना में मारे गए लोगों के परिजन को 10 लाख रुपए अनुग्रह राशि देने की सोमवार को घोषणा की. स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने कहा कि सरकार घायलों के इलाज का खर्च भी वहन करेगी और उन्हें एक लाख रुपए देगी. जैन ने कहा, ‘‘मुझे पता चला है कि नौ लोगों की मौत हो गई है. इनमें से एक की मौत जलने से हुई वहीं बाकी कि मौत दम घुटने के कारण हुई. तीन लोग झुलस गए हैं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमने एसडीएम जांच के आदेश दिए हैं.” उन्होंने कहा, ‘‘मृतकों के परिजन को 10 लाख रुपए अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी और उन्हें एक लाख रुपए देगी.’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










