दिव्यांग शिक्षकों ने गृह जनपद में तबादला मांगा, बेसिक शिक्षा मंत्री के आवास पहुंचे, हड़कंप
Published by : Amit Yadav Updated At : 28 Sep 2023 8:51 PM

दिव्यांग शिक्षक की मांग है कि विशेष प्रक्रिया अपनाकर उन्हें गृह जनपद भेजा जाए. वर्तमान में वह गृह जिले से 250 से 350 किलोमीटर दूर तैनात हैं. जबकि महिलाओं और असाध्य रोगियों को तबादले का लाभ दे दिया गया है.
लखनऊ: बेसिक शिक्षा विभाग के दिव्यांग शिक्षक गृह जनपद तबादला करने की मांग को लेकर गुरुवार को मंत्री संदीप सिंह के आवास पहुंच गये. 100 से अधिक दिव्यांग शिक्षकों के मंत्री आवास पहुंचने से हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद सुरक्षाकमिर्योँ ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद उन्होंने धारा 144 लागू होने का हवाला देखकर मंत्री के आवास से विक्रमादित्य मार्ग पर ले जाया गया. इसके बाद उनके दो प्रतिनिधियों को बेसिक शिक्षा मंत्री से मिलने के लिये ले जाया गया.
दिव्यांग शिक्षकों ने बताया कि स्थानांतरण सत्र में उनके साथ सौतेला व्यवहार हुआ है. दिव्यांग होने के कारण उन्हें विशेष तबादले की सुविधा मिलनी चाहिए, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने इसकी अनदेखी की है. शिक्षकों की दिव्यांगता का भी ध्यान नहीं रखा गया है. कई शिक्षक चल नहीं पाते हैं, कई के हाथ में दिव्यांगता है लेकिन उन्हें विशेष स्थानांतरण की सुविधा नहीं दी गयी. दिव्यांग शिक्षक अपने गृह जनपद से 250 से 350 किलोमीटर दूर तैनात हैं. इसके बावजूद इनकी अनदेखी की गयी.
एक शिक्षक ने बताया कि दिव्यांगों को इस स्थानांतरण में वंचित किया गया है. जबकि सभी शिक्षक स्थानांतरण के नियमों के तहत आते हैं. दिव्यांग विशिष्ट आरक्षण में आते हैं, इसके बावजूद नियम बना दिया गया कि पांच साल पूरा होने के बाद ही ट्रांसफर होगा. जबकि महिलाओं को दो साल में तबादला किया जा रहा है. दिव्यांगों से उनका विशेष अधिकार छीन लिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए