विद्यार्थियों को तनाव व निराशा से निबटने के उपाय बताये गये
किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर ग्रिजली विद्यालय में विशेष सत्र. जानिए तनाव, निराशा और कठिन परिस्थितियों से निपटने के प्रभावी उपाय.
कोडरमा. तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय के स्टूडेंट्स सर्विस सेल द्वारा विद्यार्थियों के लिए विद्यालय के सभागार में किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य विषय पर विशेष करियर काउंसलिंग एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की रिसोर्स पर्सन शिल्पी सिंह, एक बाल मनोवैज्ञानिक, करियर काउंसलर, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी हैं. सत्र के दौरान शिल्पी सिंह ने विद्यार्थियों को किशोरावस्था में आने वाली भावनात्मक व मानसिक चुनौतियों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने तनाव, निराशा, असफलता एवं कठिन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उपाय बताये. उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, मानसिक दृढ़ता एवं सकारात्मक आत्म-छवि विकसित करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने स्वस्थ मित्रता एवं सकारात्मक सहपाठी संबंधों के महत्व के साथ-साथ ऑनलाइन व ऑफलाइन संबंधों में स्वस्थ सीमाएं बनाये रखने पर जोर दिया. सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण उपयोग, पर्याप्त नींद, नियमित दिनचर्या एवं संतुलित जीवनशैली को मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया. तनाव प्रबंधन के लिए गहरी सांस लेने, माइंडफुलनेस, डायरी लेखन तथा रचनात्मक गतिविधियों जैसी सरल तकनीकों की जानकारी दी गयी. सत्र में बुलिंग, साइबर बुलिंग व सामाजिक दबाव के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया. विद्यालय के सीइओ प्रकाश गुप्ता एवं प्राचार्या अंजना कुमारी ने संयुक्त रूप से कहा कि किशोरावस्था में विद्यार्थियों के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर ध्यान देना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में ऐसा सकारात्मक वातावरण होना चाहिए. कार्यक्रम को संवादात्मक बनाते हुए विद्यार्थियों को प्रश्न पूछने का अवसर दिया गया. समर्थ पांडेय, तन्वी, अन्वेषा, अजीत, रितेश व दिव्यांजलि सोरेन ने विभिन्न प्रश्न पूछकर सत्र में सक्रिय सहभागिता की. कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन स्टूडेंट्स सर्विस सेल के समन्वयक सुधांशु कुमार के मार्गदर्शन में किया गया. संचालन व धन्यवाद ज्ञापन सुमित कुमार सिंह ने किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए