कुड़ू में वन विभाग ने 60 हजार की कटहल लकड़ी जब्त की, चालक व तस्कर फरार
जब्त लकड़ी के साथ वन विभाग के अधिकारी | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा के कुड़ू में वन विभाग ने अवैध रूप से ले जाई जा रही 60 हजार रुपये की कटहल की लकड़ी जब्त की। चालक और तस्कर मौके से फरार हो गए, जांच जारी है।
फुलसुरी से पिकअप वाहन में लदी लकड़ी जब्त, वन विभाग की टीम को देखकर चालक व तस्कर वाहन छोड़कर भागे
कुड़ू, लोहरदगा : वन विभाग की टीम ने शनिवार दोपहर छापेमारी कर थाना क्षेत्र के फुलसुरी गांव से पिकअप वाहन में लदी कटहल की लकड़ी जब्त की. वन विभाग की टीम को देखते ही चालक व तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गये. जब्त लकड़ी की कीमत करीब 60 हजार रुपये बतायी जा रही है.
सूचना पर वन विभाग ने की छापेमारी
कुड़ू वन क्षेत्र के प्रभारी वन क्षेत्र पदाधिकारी पंकज कुमार को सूचना मिली थी कि फुलसुरी में कटहल के विशाल पेड़ को बिना अनुमति काटकर रांची भेजा जा रहा है. सूचना के आधार पर प्रभारी वन क्षेत्र पदाधिकारी पंकज कुमार, वनपाल गौतम राम, संदीप कुमार राम व क्यूआरटी की टीम ने छापेमारी शुरू की.
इसी दौरान फुलसुरी गांव की ओर से एक पिकअप वाहन आता दिखाई दिया. वन विभाग की टीम ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन लेकर तेजी से भागने लगा. टीम ने वाहन का पीछा किया.
वाहन छोड़कर फरार हुए चालक व तस्कर
वन विभाग की टीम के पीछा करने के दौरान लापुर गांव से आगे चालक व तस्कर पिकअप वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर फरार हो गये. इसके बाद वन विभाग की टीम वाहन को कुड़ू ले आयी. वाहन में कटहल की लकड़ी लदी हुई थी.
वन विभाग के अनुसार, जब्त लकड़ी की कीमत करीब 60 हजार रुपये है. मामले की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए