West Bengal Breaking News : उलबेड़िया नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन के घर सीबीआई का छापा
West Bengal Breaking News Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
उलबेड़िया नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन के घर सीबीआई का छापा
निकाय भर्ती घोटाले का जांच कर रही सीबीआई की टीम उलबेड़िया नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अर्जुन सरकार के घर छापा मार दिया. उनका घर उलबेड़िया के कुशबेड़िया इलाके में है. हालांकि श्री सरकार चार अक्तूबर से अस्पताल में भर्ती हैं. सोमवार सुबह केंद्रीय बल के जवानों ने उनके घर को चारों तरफ से घेर लिया. इसके बाद सीबीआई की टीम ने घंटों तलाशी अभियान चलाया. बताया जा रहा है कि वर्ष 2015 में उलबेड़िया नगर पालिका में कई नियुक्तियां की गयी थीं और इसी दौरान घोटाला किये जाने का आरोप है. 70 साल के अर्जुन सरकार अभी वर्तमान में राजनीति में शामिल नहीं हैं. सीबीआइ की टीम ने उनके दो घरों में तलाशी अभियान चलाया. दूसरे घर में अर्जुन सरकार के रिश्तेदार रहते हैं.
ध्यान दें : आज पावर व ट्रैफिक ब्लॉक से ट्रेनों का विनियमन
मेसर्स डब्ल्यूबीएसईटीसीएल के 132 केवी ओवरहेड रेलवे क्रॉसिंग के कंडक्टर तार के प्रतिस्थापन के लिए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के दुर्गापुर व वारिया स्टेशनों के बीच मंगलवार 10 अक्तूबर को दोपहर 12.55 बजे से 13.55 बजे तक एक घंटा पावर व ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा. इसके फलस्वरूप 03515 बर्दवान – आसनसोल पैसेंजर स्पेशल और 03518 आसनसोल – बर्दवान पैसेंजर स्पेशल को मंगलवार को रास्ते में क्रमशः 60 मिनट और 40 मिनट तक उचित रूप से नियंत्रित किया जायेगा. यह जानकारी पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल से जारी विज्ञप्ति में दी गयी है.
राज्यपाल से राजभवन में मुलाकात करने पहुंचे अभिषेक बनर्जी
अभिषेक बनर्जी 30 लोगों के प्रतिनिधिमंडल के साथ राजभवन में दाखिल हुए. राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि वह शाम 4 बजे उनसे मुलाकात करेंगे. अभिषेक ने कहा, वे 15 मिनट पहले पहुंचेंगे.
घरेलू कलह के बाद फंदे से लटका मिला युवक
बीरभूम जिले के नानूर थाना क्षेत्र के साउता ग्राम में पारिवारिक कलह के बाद एक युवक को घर के एक कमरे में फंदे से लटका मृत पाया गया. सूचना पाकर पुलिस वहां पहुंची और मौत की पुष्टि के बाद शव को ऑटोप्सी के लिए नजदीकी बोलपुर महकमा अस्पताल भेज दिया. मृत युवक का नाम शेख जसीम (34) बताया गया है. घटना की जांच में पुलिस लग गयी है.
सिक्किम बाढ़ : मृतक संख्या बढ़कर 34 हुई, वायुसेना ने फंसे हुए पर्यटकों को निकालना शुरू किया
सिक्किम को तबाह करने वाली तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद गाद और मलबे से अब तक सेना के 10 जवानों सहित 34 शव बरामद किए गए हैं, जबकि 105 से अधिक लोगों की तलाश जारी है जो अब भी लापता हैं. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.वायु सेना ने हिमालयी राज्य सिक्किम में बचाव और राहत अभियान शुरू कर दिया है और फंसे हुए पर्यटकों के पहले जत्थे को लाचेन से उत्तरी सिक्किम के मंगन तक पहुंचाया है.
बंगाल में आयुष चिकित्सा के विस्तार पर जोर दे रही राज्य सरकार
पश्चिम बंगाल में आयुष चिकित्सा पद्धति के विस्तार के लिए राज्य सरकार गंभीर दिख रही है. राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नेशनल आयुष मिशन के तहत के वित्त वर्ष 2014 से 2023 के बीच 20716.609 लाख रुपये का अनुमोदन मिला है. इसमें से केंद्र ने 12912.915 लाख और राज्य ने 7803.694 रुपये अनुमोदित किये हैं. अनुमोदित राशि का सौ फीसदी खर्च किया गया है. वहीं, वित्त वर्ष 2023-24 में नेशनल आयुष मिशन के तहत कुल 11265.240 राशि का अनुमोदन मिला है. इसमें केंद्र का 6759.144 लाख और राज्य का 4506.096 लाख का योगदान रहा. ज्ञात हो कि केंद्र व राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से राज्य में आयुर्वेद समेत आयुष चिकित्सा पद्धति का विकास हो रहा है. बता दे कि आयुर्वेद, होमियोपैथी, यूनानी, योगा, प्राकृतिक चिकित्सा और सिद्ध को संक्षिप्त में आयुष कहा जाता है. राज्य में 2014 से पहले आयुष का विस्तार इस तरह से नहीं हुआ था. राज्य में इससे पहले होमियोपैथ को लेकर लोकप्रियता देखने को मिलती थी. पर अब आयुर्वेद के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है.
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए