Live Updates

West Bengal Breaking News : माटीगाड़ा में लड़की की हत्या के आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत

Updated:
विज्ञापन

West Bengal Breaking News Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…

विज्ञापन

माटीगाड़ा में लड़की की हत्या के आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत

पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा में 11वीं कक्षा की एक छात्रा का अपहरण करने और उस पर यौन हमले की नाकाम कोशिश के बाद उसकी हत्या करने के आरोपी एक व्यक्ति को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. 14 दिनों की पुलिस हिरासत के बीत जाने पर आरोपी को सिलीगुड़ी की उपखंडीय अदालत में पेश किया गया था, जिसने उसे 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

दुर्गापूजा से पहले बदलेगी बदहाल सड़कों की सूरत

दुर्गापूजा से पहले विधाननगर नगर निगम (बीएमसी) की बदहाल सड़कों की सूरत बदलने पर जोर दिया गया है. इसके लिए राज्य के शहरी विकास मंत्रालय ने सड़क मरम्मत और जल निकासी कार्यों के लिए विधाननगर नगर निगम को 40 करोड़ रुपये आवंटित किये हैं. इसमें से 30 करोड़ रुपये सड़क मरम्मत और बाकी 10 करोड़ रुपये शहर के जल निकासी कार्यों के लिए हैं. चूंकि उस पैसे की प्रशासनिक मंजूरी राज्य सरकार द्वारा पहले ही दी जा चुकी है, इसलिए राज्य के लोक निर्माण और शहरी विकास विभाग ने विधाननगर नगर निगम को काम जल्द शुरू करने के लिए निविदाएं बुलाने का निर्देश दिया है.

महंगाई के खिलाफ माकपा का घर घर प्रचार

पूर्व बर्दवान जिले के बर्दवान शहर के माकपा की एक नंबर एरिया कमेटी की ओर से बुधवार को केंद्र और राज्य सरकार की महंगाई के खिलाफ घर घर प्रचार अभियान चलाया गया. बर्दवान शहर के बोरहाट क्षेत्र में यह प्रचार पैंफलेट बांटकर कर किया गया. मौके पर माकपा के नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई को लेकर यह प्रचार चलाया गया. इस दौरान रोजाना की खाद्य सामग्री की कीमतों को कम करने, बेरोजगारों को काम देने आदि की मांग पर ऐसा प्रचार केवल पश्चिम बंगाल ही नहीं देश भर में चलाये जाने की बात कही गयी.

अनुब्रत मंडल के मामले की सुनवाई अब दिल्ली में

पश्चिम बंगाल में सीबीआई द्वारा दर्ज गौ तस्करी मामले की सुनवाई अब दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में होगी. आसनसोल की विशेष सीबीआई अदालत ने बुधवार को ऐसा ही कुछ आदेश दिया है. नतीजतन तृणमूल नेता अनुब्रत मंडल की गिरफ्तारी मामले की सुनवाई इस बार दिल्ली में होगी. इससे पहले कई बार ईडी ने मामले को दिल्ली स्थानांतरित करने का अनुरोध किया था. बुधवार को मामले की सुनवाई के बाद न्यायाधीश राजेश चक्रवर्ती ने मामले को दिल्ली की अदालत में स्थानांतरित करने के पक्ष में फैसला सुनाया है.

तीन दिन रद्द रहेगी कोलकाता-गोरखपुर एक्सप्रेस, सिवान तक जायेगी काठगोदाम एक्सप्रेस

उत्तर पूर्व रेलवे अंतर्गत गोरखपुर कैंट और कुसम्ही रेल स्टेशन के बीच विकासमूलक कार्य होने के कारण छह से 11 सितंबर तक पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनें रद्द की गयी हैं. पूर्व रेलवे ने विज्ञप्ति जारी कर यह सूचना दी है. पूर्व रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, 15047 कोलकाता-गोरखपुर एक्सप्रेस नौ, 11 और 12 सितंबर और 15048 गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस आठ, 10 और 11 सितंबर को रद्द रहेंगी. वहीं, 13019 हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस पांच से नौ सितंबर तक और 13020 काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस छह से 10 सितंबर तक सिवान स्टेशन पर अपनी यात्रा समाप्त करेगी और सिवान स्टेशन से ही हावड़ा के लिए रवाना होगी.

राष्ट्रीय राजमार्ग व राज्य मार्ग पर नहीं चलेंगे ऑटो-टोटो

राज्य के राष्ट्रीय राजमार्ग व राज्यमार्गों पर ऑटो व टोटो नहीं चलाया जा सकता. इसे लेकर राज्य सरकार परिवहन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी की गयी है. हाईवे पर अब इनका संचालन नहीं किया जा सकेगा. कुछ दिन पहले ही परिवहन मंत्री ने विधानसभा में इसकी जानकारी दी थी. मंत्री ने बताया था कि बेरोजगार युवाओं के लिए ऑटो, टोटो व इ-रिक्शा रोजगार के मुख्य साधन हैं. पर इन छोटे वाहनों की वजह से निजी बसों को नुकसान पहुंच रहा है. स्कूल कॉलेज, बाजार या एक से दो स्टॉप पर जाने के लिए स्थानीय लोग ऑटो टोटो या इ-रिक्शा का इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में लंबी दूरीवाली बसों को यात्री नहीं मिल रहे हैं. यात्रियों की संख्या कम होने से कई रूटों पर निजी बसों का परिचालन बंद हो चुका है. इसलिए राज्य सरकार ने अब इस संबंध में अधिसूचना जारी की है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Shinki Singh

लेखक के बारे में

By Shinki Singh

10 साल से ज्यादा के पत्रकारिता अनुभव के साथ मैंने अपने करियर की शुरुआत Sanmarg से की जहां 7 साल तक फील्ड रिपोर्टिंग, डेस्क की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों और राजनीति पर लगातार लिखा. इस दौरान मुझे एंकरिंग और वीडियो एडिटिंग का भी अच्छा अनुभव मिला. बाद में प्रभात खबर से जुड़ने के बाद मेरा फोकस हार्ड न्यूज पर ज्यादा रहा. वहीं लाइफस्टाइल जर्नलिज्म में भी काम करने का मौका मिला और यह मेरे लिये काफी दिलचस्प है. मैं हर खबर के साथ कुछ नया सीखने और खुद को लगातार बेहतर बनाने में यकीन रखती हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola