Jharkhand Panchayat Chunav Live: गढ़वा के भौंरी में पंसस के लिए दोबारा हुआ चुनाव, 77 फीसदी हुई वोटिंग
Jharkhand Panchayat Chunav First Phase Re Polling Live Updates : झारखंड पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए 8 जिलों के 26 बूथों पर दोबारा वोटिंग हुई. इसके तहत हजारीबाग, गढ़वा, चतरा, सरायकेला-खरसांवा, बोकारो, सिमडेगा, गोड्डा और पश्चिमी सिंहभूम जिले में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण मतदान हुआ.
बीडीसी के लिए भौंरी
गढ़वा (विनोद पाठक) : गढ़वा जिला अंतर्गत रंका प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 57 नव प्राथमिक विद्यालय दक्षिणवारा टोला भौंरी और चुटिया पंचायत में पंचायत समिति सदस्य के पद के लिए 16 मई को दोबारा मतदान हुआ. इस मौके पर महिला मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया. भौंरी में जहां कुल 357 मतदाताओं में से 202 से अधिक मतदाताओं ने वोट किया, वहीं चुटिया पंचायत में कुल 357 में से 218 वोट डाले गये. इस दौरान एसडीओ रामनारायण सिंह ने मतदान केंद्र पर पहुंच कर मतदान का निरीक्षण किया. जबकि रंका एसडीपीओ सुदर्शन कुमार आस्तिक, बीडीओ देवानंद राम, सीओ शंभु राम एवं थाना प्रभारी रामेश्वर उपाध्याय मतदान शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए सुबह सात बजे से अपराह्न तीन बजे तक जमे रहे. मालूम हो कि इस मतदान केंद्र पर 14 मई को हुए मतदान में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए बैलेट पेपर चक्रधरपुर के आ जाने से बीडीसी का मतदान नहीं हो सका था. इसके कारण 16 मई को यहां दोबारा मतदान कराना पड़ा.
बरकट्ठा के सलैया पंचायत में मुखिया पद के लिए 14 बूथों पर दोबारा वोटिंग
बरकट्ठा (रेयाज खान) : झारखंड पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के लिए हजारीबाग जिला के बरकट्ठा प्रखंड की सलैया पंचायत में दोबारा मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ. सलैया पंचायत में मुखिया पद के लिए सोमवार को हुए पुनर्मतदान में 62.57 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मालूम हो कि सलैया पंचायत के मुखिया पद के बैलेट पेपर में त्रुटि को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान कराने का निर्देश दिया था. साथ ही निर्वाचन आयोग ने मतपत्र की छपाई में लापरवाही बरतने पर बरकट्ठा मुखिया पद के निर्वाची पदाधिकारी सह सीओ श्रीकांत लाल मांझी तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीईईओ अशोक कुमार पाल को उनके पद से हटा दिया. सलैया पंचायत के 14 बूथों पर पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था में पुनर्मतदान संपन्न हुई.
सिमडेगा के केरसई प्रखंड में करीब 45 फीसदी वोटिंग
सिमडेगा (रविकांत) : झारखंड पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए 8 जिलों के 26 बूथों पर पुनर्मतदान हुआ. सिमडेगा जिला के केरसई प्रखंड में 44.89 फीसदी वोटिंग हुई. सुबह से ही मतदाता बूथों पर दिखें. खासकर महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया.
26 बूथों में पुनर्मतदान खत्म
रांची : झारखंड पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए 8 जिलों के 26 बूथों पर पुनर्मतदान हुआ. 14 मई को हुए पहले चरण के चुनाव में इन बूथों में कुछ खामियों के बाद पुनर्मतदान कराया गया. सोमवार की सुबह से ही इन 26 बूथों में वोटर्स मतदान करने आये. अब पहले चरण की काउंटिंग 17 मई को सुबह 8 बजे से शुरू होगी.
हजारीबाग के सलैया में 58.21% वोटिंग
झारखंड पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए फिर से 26 बूथों पर मतदान किया जा रहा है. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं. सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल में 1 बजे तक बूथ नंबर 76 पर 63% मतदान हुआ है, जबकि बूथ नंबर 77 पर 52% मतदान हुआ. हजारीबाग जिले के बरकट्ठा स्थित सलैया पंचायत में 58.21% वोटिंग हुई है. सिमडेगा के केरसई प्रखंड के बूथ नंबर 55 पर पुनर्मतदान चल रहा है. 1 बजे तक कुल मतदान का प्रतिशत- 41.22 रहा.
हजारीबाग की सलैया पंचायत में 49.26% मतदान
हजारीबाग (सलाउद्दीन) : झारखंड पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए 8 जिलों के 26 बूथों पर फिर से मतदान जारी है. हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड की सलैया पंचायत में पुनर्मतदान हो रहा है. 11 बजे तक मुखिया पद के लिए 49.26% मतदान हुआ है. तीन बजे तक मतदान होगा. वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए