Jharkhand Breaking News LIVE:साहिबगंज में फाइलेरिया की दवा खाने से बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
राजमहल में फाइलेरिया की दवा खाने से स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ी
राजमहल: उधवा प्रखंड के बाबूटोला प्राथमिक विद्यालय हरेराम टोला में फाइलेरिया रोधी दवा खाने से लगभग 40 बच्चे बीमार पड़ गये हैं. बच्चों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात करीब नौ बजे बच्चों को लेकर एक के बाद एक सात एंबुलेंस अनुमंडल अस्पताल पहुंची. 32 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. पीड़ित बच्चे अयान आलम के पिता दाऊद शेख ने बताया कि आज स्कूल में बच्चों को जबरन 3-3 गोली खिलाया गया. दवा खाने के बाद से ही कुछ बच्चे पेट दर्द तो, कुछ बच्चे उल्टी के शिकार होने लगे. कोई-कोई बच्चा सिर दर्द करते हुए कुछ देर के लिए बेहोश भी हो गया. उसके बाद उन लोगों ने स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया. राहत न होता देख सभी को लेकर अनुमंडल अस्पताल पहुंचे. अस्पताल में अयान आलम, जंजीरा खातून, इशरत जहां, जैनब खातून, तबस्सुम खातून, साबी खातून, अजमत शेख आदि का इलाज चल रहा है. इस संदर्भ में डॉक्टर उदय ने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं. घबराने की जरूरत नहीं है.
पूर्व सांसद सूरज मंडल ने की झारखंड में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग
देवघर. पूर्व सांसद व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ सूरज मंडल ने कहा है कि देवघर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा दिये गये वक्तव्य से स्पष्ट है कि झारखंड में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है. राष्ट्रपति शासन लागू करने के बाद ही भ्रष्टाचार का खात्मा किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि इसे अगर नजरअंदाज किया गया तो परिणाम नकारात्मक होंगे. इसलिए झारखंड में अविलंब राष्ट्रपति शासन लागू किया जाना चाहिये.
हजारीबाग के बड़कागांव में हाथी का उत्पात, एक घायल
बड़कागांव : हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड के ग्राम आराहरा में हाथी ने शुक्रवार को जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान आराहारा के तिलवा टोला में योगेंद्र कुमार महतो को उठाकर पटक दिया. इस कारण वह बुरी तरह घायल हो गया. अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.
वीर बुधु भगत जयंती सह विकास मेला 17 फरवरी को
चान्हो: 17 फरवरी को आयोजित होने वाले शहीद वीर बुधु भगत जयंती समारोह सह विकास मेला को लेकर सिलगाई में बैठक की गयी. अध्यक्षता भौवा उरांव ने की. इसमें मेला को भव्य आयोजन को लेकर सभी बिन्दुओं पर गहन मंथन किया गया. अतिथियों के स्वागत के लिए स्वागत समिति गठित किया गया. इस बार से आसपास के वैसे लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिनका अपने-अपने क्षेत्र में विशेष योगदान रहा हो. इस मौके पर मुख्य रूप से केन्द्रीय सरना समिति के अध्यक्ष फुलचंद तिर्की, परमेश्वर भगत, विमल कच्छप, संजय तिर्की , जिला परिषद सदस्य आशुतोष तिवारी, मो मोजीबुल्लाह, सुनील उरांव, गोपाल उरांव, रूक्मिणी भगत, जहुर अंसारी, शोएब अंसारी, अनिल गोप, महादेव उरांव, शिव उरांव समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.
देवघर में संदिग्ध मौत से नाराज लोगों ने किया सड़क जाम
देवघर. अजय यादव. जसीडीह थाना इलाके के खोरीपानन में 20 वर्षीय मालवाहक ऑटो चालक की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गयी. मृतक का नाम संतोष कुमार यादव था, जो खोरिपानन का रहने वाला था. उसका शव ऑटो में ही पाया गया. परिजनों ने हत्या कर शव को ऑटो में रखने का आरोप खोरीपनन के सनाबुल मियां पर लगाया है. पुलिस को दिये गये बयान में मृतक के पिता बिमल महतो ने कहा है कि संतोष मालवाहक ऑटो चलाने का कार्य करता था. हनुमान मंदिर के सामने जुटे परिजन व अक्रोशित ग्रामीणों ने दोपहर 3.30 बजे हत्यारोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देवघर-चकाई मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. मुआवजा के आश्वासन पर दो घंटे बाद जाम हटा.
सिमडेगा में रक्षक एप लॉन्च
सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में सबसे पहले बीट पुलिसिंग के तहत रक्षक एप लॉन्च किया गया. समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय में एसपी सौरभ कुमार ने बीट पुलिसिंग के तहत रक्षक एप लॉन्च किया. एसपी सौरभ कुमार ने बताया कि बीट पुलिसिंग के तहत विभागीय स्तर पर झारखंड में सिमडेगा पहला जिला है, जहां पर रक्षक एप लॉन्च किया गया है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए